विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ताजमहल से लेकर पिरामिड तक; 21 करोड़ से बोधगया में सात अजूबों की झलक, निर्माण अंतिम चरण में

Published: Sat, 21 Mar 2026 03:47 PM (IST)

बोधगया में पर्यटकों के लिए 'सेवन वंडर ऑफ द वर्ल्ड पार्क' विकसित किया जा रहा है। 40 एकड़ में फैले ...और पढ़ें

सेवेन वंडर पार्क में बना पिराम‍िड। जागरण

सेवेन वंडर पार्क में बना पिराम‍िड। जागरण

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संतोष कुमार, बोधगया (गया)। बौद्ध धर्म की आस्था और विश्व पर्यटन के प्रमुख केंद्र बोधगया में अब पर्यटकों के लिए एक और बड़ा आकर्षण तैयार हो रहा है।

विश्व प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर के लिए पहचाने जाने वाले इस क्षेत्र में जल्द ही ‘सेवन वंडर ऑफ द वर्ल्ड पार्क’ विकसित किया जा रहा है, जो पर्यटन मानचित्र पर बोधगया की पहचान को और विस्तृत करेगा।

दुनिया के सात अजूबे दिखेंगे एक स्‍थान पर 

करीब 40 एकड़ भूमि में धर्मारण्य वेदी स्थित सिलैंजा के समीप बन रहे इस भव्य पार्क में दुनिया के सात अजूबों की प्रतिकृतियां तैयार की जा रही हैं।

इनमें ईस्टर आइलैंड, गीज़ा के पिरामिड और चीन की महान दीवार की प्रतिकृतियों का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, जबकि ताजमहल की प्रतिकृति का आधार तैयार कर लिया गया है।

यह परियोजना करीब 21 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही है और इसे आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है।

दो भव्‍य प्रवेश द्वार और सुरक्षा के पुख्‍ता इंतजाम 

पार्क में दो भव्य प्रवेश द्वार, पर्याप्त पार्किंग, चारों ओर सुरक्षा दीवार और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था होगी। साथ ही यह पूरा पार्क सोलर सिस्टम पर आधारित होगा, जिससे यह पर्यावरण के अनुकूल भी रहेगा।

इस परियोजना की घोषणा बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी प्रगति यात्रा के दौरान की थी। अब निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और उम्मीद है कि अगले दो महीनों में इसका उद्घाटन किया जाएगा।

वन रक्षी अंजय कुमार के अनुसार, पार्क का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसे जल्द ही आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। यह पार्क न केवल बोधगया के पर्यटन को नई दिशा देगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा करेगा।

Bodhgaya 2

(सेवेन वंडर पार्क में बनी प्रत‍िक्र‍ित‍ियां।)

सड़क चौड़ीकरण की आवश्‍यकता पर ध्‍यान 

पितृपक्ष के दौरान तर्पण के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी यह स्थल एक नया आकर्षण बनेगा। साथ ही बाराचट्टी और मोहनपुर क्षेत्र से आने वाले पर्यटकों को भी यहां पहुंचने में सुविधा होगी।

हालांकि, पार्क के पास स्थित मुख्य सड़क के संकीर्ण होने के कारण यातायात की समस्या बनी हुई है। विशेषज्ञों के अनुसार, सड़क चौड़ीकरण की आवश्यकता है ताकि पर्यटकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

पार्क के भीतर हरियाली, पेड़-पौधे, फूलों की सुंदर व्यवस्था के साथ-साथ पीने के पानी, शौचालय और सुरक्षा गार्ड जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रवेश के लिए एक निर्धारित शुल्क रखा जाएगा।

इस प्रकार, बोधगया अब केवल आध्यात्मिक शांति का केंद्र ही नहीं रहेगा, बल्कि आधुनिक पर्यटन का भी एक प्रमुख आकर्षण बनकर उभरेगा, जहां एक ही स्थान पर दुनिया के सात अजूबों की झलक देखने को मिलेगी।