बिहार में पंचायत चुनाव को लेकर बड़ा एलान; मंत्री दीपक प्रकाश ने खत्म कीं अटकलें
पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने बिहार में पंचायत चुनाव समय पर कराने और परिसीमन में कोई बदलाव न होने की घोषणा की। प्रमुख-उपप्रमुख चुनाव भी पूर्ववत हो ...और पढ़ें

तय समय पर होंगे पंचायत चुनाव। प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
पंचायत चुनाव समय पर होंगे, परिसीमन में बदलाव नहीं।
प्रमुख और उपप्रमुख चुनाव पूर्व निर्धारित प्रक्रिया से ही होंगे।
गया में पंचायत सरकार भवन निर्माण तुरंत शुरू करने का निर्देश।
जासं/संसू, गयाजी/फतेहपुर। पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने स्पष्ट कहा है कि राज्य में पंचायत चुनाव निर्धारित समय पर ही कराए जाएंगे और परिसीमन में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाएगा।
उन्होंने यह भी साफ किया कि प्रमुख और उपप्रमुख का चुनाव पूर्व की भांति निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही संपन्न होगा। शनिवार को मंत्री टनकुप्पा प्रखंड के बरसौना गांव पहुंचे।
वहीं गया स्थित सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता कर आगामी पंचायत चुनाव और ग्रामीण विकास योजनाओं को लेकर अहम जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 के पंचायत चुनाव में नया आरक्षण रोस्टर लागू किया जाएगा। वर्तमान रोस्टर को लागू हुए 10 वर्ष पूरे हो चुके हैं, इसलिए नियमानुसार इसमें बदलाव आवश्यक है। इस घोषणा के बाद संभावित प्रत्याशियों और राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
मंत्री ने कहा कि ईद की छुट्टी के कारण जिला मुख्यालय में औपचारिक विभागीय समीक्षा बैठक नहीं हो सकी, लेकिन उन्होंने अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत क्षेत्र का दौरा कर विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया और आम लोगों से संवाद किया।
पंचायतों को दिया जा रहा आधुनिक स्वरूप
मंत्री दीपक प्रकाश ने बताया कि पंचायतों को आधुनिक स्वरूप देने के लिए पंचायत सरकार भवनों को मिनी सचिवालय के रूप में विकसित किया जा रहा है।
बरसोना पंचायत में निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीणों को प्रमाणपत्र सहित विभिन्न सरकारी सेवाएं गांव स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी।
मंत्री ने आगे कहा कि पंचायत स्तर पर आधुनिक मुक्ति धाम विकसित किए जाएंगे, जहां अंतिम संस्कार से जुड़ी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इसके साथ ही गरीब परिवारों को राहत देने के उद्देश्य से कन्या विवाह मंडप निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि गांवों की गलियों को रोशन करने के लिए सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य लगभग पूरा होने वाला है, जिससे सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण दोनों को बढ़ावा मिलेगा।
दौरे के दौरान मंत्री ने राष्ट्रीय लोक मोर्चा के सदस्यता अभियान में भी भाग लिया और दावा किया कि जिले में युवाओं, महिलाओं और अभिभावकों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।
दो दशकों में बिहार में व्यापक बदलाव
उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले दो दशकों में बिहार में सामाजिक और आर्थिक स्तर पर व्यापक बदलाव आया है।
मंत्री ने अंत में आश्वासन दिया कि जल्द ही गयाजी जिले का पुनः दौरा कर अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की जाएगी और जनप्रतिनिधियों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा।
इस मौके पर पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार यादव, जिलाध्यक्ष राजीव प्रकाश उर्फ बंटी कुशवाहा, शक्ति कुमार, आकाश दांगी सहित कई स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।