पूर्वी चंपारण में आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें, तीन युवकों की मौत, ससुराल से लौटते वक्त हादसा
पूर्वी चंपारण के गोविंदगंज थाना क्षेत्र में रविवार को दो मोटरसाइकिलों की भीषण टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड ...और पढ़ें

हादसे के बाद घटना स्थल पर लगा जाम।
संवाद सहयोगी, अरेराज (पूर्वी चंपारण)। गोविंदगंज थाना क्षेत्र के भेलानारी गांव के समीप रविवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई।
हादसे में दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सलेमपुर जीवधारा निवासी रवि किशन और अनीश कुमार अपाची बाइक से अपने ससुराल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान भेलानारी गांव के समीप सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
दूसरी बाइक पर गोविंदगंज थाना क्षेत्र के भेलानारी निवासी अतुल मिश्रा उर्फ कारी सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही गोविंदगंज थानाध्यक्ष राजू मिश्रा एवं अरेराज एसडीपीओ रवि कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने तत्काल घायल युवक को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना के बाद मृतकों के स्वजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। हादसे से आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए एसएच-54 को जाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया।
खबरें और भी
बाद में एसडीपीओ रवि कुमार एवं थानाध्यक्ष राजू मिश्रा के समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए और जाम समाप्त कराया गया। इसके बाद पुलिस ने यातायात को सामान्य कराया।