रक्सौल में संदिग्ध स्मैक के साथ एक गिरफ्तार, तीन हिरासत में, पुलिस ने खंगालना शुरू किया नेटवर्क
Bihar NDPS Action: रक्सौल पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर कार्रवाई करते हुए शास्त्री नगर में छापेमारी कर 20 पुड़िया संदिग्ध मादक पदार्थ बराम ...और पढ़ें

शास्त्री नगर इलाके में छापेमारी कर पुलिस ने 20 पुड़िया संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद किया है।
जागरण संवाददाता, रक्सौल (पूर्वी चंपारण)। सीमावर्ती शहर रक्सौल में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध तस्करी नेटवर्क पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
गुप्त सूचना के आधार पर बाईपास स्थित शास्त्री नगर इलाके में छापेमारी कर पुलिस ने 20 पुड़िया संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद किया है।
इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जबकि नशा सेवन के आरोप में तीन अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है। बरामद पदार्थ की प्रकृति की पुष्टि के लिए उसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो ने बताया कि सूचना मिली थी कि शास्त्री नगर क्षेत्र में एक युवक संदिग्ध मादक पदार्थ की बिक्री कर रहा है।सूचना के सत्यापन के बाद अपर थानाध्यक्ष रवि कुमार और पुलिस पदाधिकारी अमन कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।
कार्रवाई के दौरान धनगढ़वा कौड़िहार पंचायत के कौड़ीहार वार्ड संख्या-13 निवासी भगवान साह के पुत्र श्यामबाबू साह को गिरफ्तार किया गया।पुलिस के अनुसार उसके पास से 20 पुड़िया संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में उसके अवैध कारोबार से जुड़े होने की आशंका जताई गई है।
वाहन और नकदी जब्त
छापेमारी के दौरान नशा सेवन के आरोप में धनगढ़वा कौड़िहार पंचायत के वार्ड संख्या-1 निवासी नबी हसन आलम, पश्चिम चंपारण के सिकटा निवासी सतीश कुमार और कोइरिया टोला निवासी विवेक कुमार को भी हिरासत में लिया गया।
खबरें और भी
पुलिस ने मौके से एक सीएनजी टेम्पू, एक अपाचे मोटरसाइकिल, एक ईवी बाइक, मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की है। बरामद सामान की जांच की जा रही है।
फॉरेंसिक जांच के बाद होगी पुष्टि
पुलिस का कहना है कि बरामद पदार्थ को फॉरेंसिक प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि बरामद सामग्री स्मैक है या कोई अन्य प्रतिबंधित मादक पदार्थ।
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस की जांच केवल बरामदगी तक सीमित नहीं रहेगी। आरोपितों के मोबाइल कॉल डिटेल, वित्तीय लेनदेन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। मामले में एनडीपीएस अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एक नजर में बरामदगी
- 20 पुड़िया संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद
- एक व्यक्ति गिरफ्तार
- तीन लोग नशा सेवन के आरोप में हिरासत में
- एक सीएनजी टेम्पू, एक अपाचे बाइक और एक ईवी बाइक जब्त
- मोबाइल फोन और नकदी बरामद, जांच जारी