मोतिहारी में रास्ते की जमीन विवाद में भाई ने की भाई की हत्या, महादलित बस्ती में तनाव
मोतिहारी की महादलित बस्ती में रास्ते की जमीन को लेकर दो भाइयों में विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। एक ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
मोतिहारी में रास्ते की जमीन विवाद में खूनी संघर्ष।
एक भाई ने दूसरे अनुराग पर चाकू से हमला किया।
इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल अनुराग की मौत।
संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। शहर के जानपुल स्थित महादलित बस्ती में रास्ते की जमीन को लेकर शनिवार देर रात दो सगे भाइयों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।
मारपीट के दौरान एक भाई ने अपने ही भाई अनुराग पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अनुराग की रविवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद बस्ती में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। बताया जाता है कि दोनों भाइयों के बीच रास्ते की जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
शनिवार देर रात इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। इसी दौरान एक भाई ने अनुराग पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से अनुराग गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद वहां अफरातफरी मच गई।
स्वजन आनन-फानन में अनुराग को इलाज के लिए अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उपचार शुरू किया, लेकिन रविवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, घटना की जानकारी बस्ती में फैलते ही लोगों की भीड़ जुट गई और तनाव का माहौल बन गया।
आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। सदर अनुमंडल-वन के पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में रास्ते की जमीन को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद की बात सामने आई है।
इसी विवाद में चाकू से हमला किए जाने के बाद अनुराग गंभीर रूप से घायल हुआ था। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के पीछे जमीन और रास्ते को लेकर पुराना विवाद सामने आ रहा है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने बस्ती में स्थिति सामान्य बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी है।
