विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वी चंपारण में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला, चार पुलिसकर्मी घायल, दो वाहन भी क्षतिग्रस्त

Updated: Thu, 13 Aug 2026 07:51 PM (IST)

पूर्वी चंपारण के मथरवा गांव में अतिक्रमण हटाने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया, जिसमें चार पुलिसकर्मी घायल हो गए और दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। यह घटना गैर मजरुआ जमीन पर दोबारा कब्जे को हटाने के दौरान हुई, जिसमें ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव किया।

पथराव में पुलिस के दो वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। जागरण

पथराव में पुलिस के दो वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। जागरण

HighLights

  1. अतिक्रमण हटाने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों का हमला।

  2. पथराव में चार पुलिसकर्मी घायल, दो पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त।

  3. गैर मजरुआ जमीन पर दोबारा कब्जे को लेकर विवाद।

संवाद सहयोगी, फेनहारा (पूर्वी चंपारण)। Encroachment Removal Attack: फेनहारा थाना क्षेत्र की खानपीपरा पंचायत अंतर्गत मथरवा गांव में गुरुवार को अतिक्रमण हटाने गई प्रशासन की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया।

ग्रामीणों के पथराव में महिला पुलिसकर्मी मधु कुमारी सहित चार जवान घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मधुबन में चल रहा है।

पथराव में पुलिस के दो वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। शीशा टूट गया। ग्रामीण जेसु राय ने करीब पांच साल पहले अपने घर के पास की गैर मजरुआ करीब पांच धुर जमीन पर कब्जा कर एस्बेस्टस डाल वहां कमरा बना लिया था।

फिर से कब्जा करने का मामला

अंचलाधिकारी (सीओ) डेजी सिंह ने बताया कि करीब दो माह पूर्व एक ग्रामीण के परिवाद पर उक्त जमीन को खाली कराया गया था। जमीन खाली होने के बाद जेसु राय ने फिर से उस पर कब्जा कर घर बनाना शुरू कर दिया था।

इसकी शिकायत मिलने पर प्रशासन की ओर से जेसीबी (अर्थमूवर) से अतिक्रमण हटाया जा रहा था। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस पर हमला करते हुए पथराव शुरू कर दिया। किसी पुलिसकर्मी के माथे पर तो किसी के हाथ पर चोट आई है।

मामले की हो रही समीक्षा 

पुलिस के दो वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। सीओ ने बताया कि मामले की समीक्षा की जा रही है। दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने एक महिला को धक्का दे दिया, इस के कारण लोग उग्र हो गए।

अतिक्रमण हटाकर लौट रही पुलिस टीम पर हमला हुआ है। तीन-चार पुलिसकर्मी घायल हैं। सभी का इलाज चल रहा है। प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

-

अभिषेक कुमार,डीएसपी सिकरहना, पूर्वी चंपारण।