पूर्वी चंपारण के पताही में डेंगू से 26 वर्षीय युवक की मौत, दिल्ली से बीमार होकर लौटा था घर
East Champaran Dengue Death: पूर्वी चंपारण के पताही प्रखंड में 26 वर्षीय परमेश मुखिया की डेंगू से मौत हो गई, जो दिल्ली से बीमार होकर घर लौटा था। परिवा ...और पढ़ें

युवक की मौत के बाद शोकाकुल स्वजन। फोटो: जागरण
संवाद सहयोगी, पताही (पूर्वी चंपारण)। East Champaran News: जिले के पताही प्रखंड अंतर्गत पताही पूर्वी पंचायत के पंचगछिया गांव में डेंगू से 26 वर्षीय युवक परमेश मुखिया की मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, वह मजदूरी करने के लिए दिल्ली गया था, जहां उसे डेंगू हो गया। गुरुवार रात उसकी मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है।
स्वजनों ने बताया कि दिल्ली में जांच के दौरान परमेश के डेंगू से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। बीमार होने के बाद वह पारिवारिक सहयोग के लिए अपने गांव लौट आया।
गांव पहुंचने के बाद उसने एक निजी चिकित्सक से इलाज कराया, लेकिन गुरुवार रात उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार, परमेश परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उसका बेहतर इलाज नहीं हो सका। उसके निधन के बाद वृद्ध माता-पिता और छोटे भाई-बहनों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शंकर बैठा ने बताया कि पंचगछिया गांव के एक व्यक्ति की डेंगू से मौत की सूचना मिली है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक बाहर मजदूरी करने गया था और वहीं डेंगू से संक्रमित हुआ था।
घर लौटने के बाद उसने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज नहीं कराया, बल्कि एक निजी चिकित्सक से उपचार ले रहा था। स्वास्थ्य विभाग मामले की जानकारी जुटा रहा है।