Published: Mon, 30 Jun 2025 05:27 PM (IST)
मुजफ्फरपुर में छात्र अभिषेक की हत्या के बाद पप्पू यादव ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर न्याय का भरोसा दिलाया। ...और पढ़ें
संवाद सहयोगी, तेतरिया। मुजफ्फरपुर के मोतीपुर थानाक्षेत्र के मोसडी स्थित बूढ़ी गंडक में छात्र अभिषेक कुमार की हत्या कर शव फेंके जाने की घटना के बाद जाप सुप्रीमो सांसद पप्पू यादव सोमवार को छात्र के गांव राजेपुर के रानीपट्टी पहुंचे।
यहां उन्होंने छात्र अभिषेक की विधवा चंचला कुमारी, मां रीता देवी, पिता विनोद राय से मुलाकात की। उपस्थित लोगों ने सांसद से इस हत्याकांड में न्याय दिलाने की गुहार लगाई।
मौके पर उपस्थित पत्रकारों को संबोधित करते हुए पप्पू यादव ने कहा कि हत्यारे को सत्ताधारी पार्टी के राजनेताओं का संरक्षण प्राप्त है। अभिषेक को न्याय जरूर मिलेगा। बिहार में कानून का इकबाल खत्म हो गया है। लगातार कानून के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
माफियाओं के पैसे से चल रहा किचन
बालू, शराब व जमीन माफियाओं के पैसे से नेताओं के बेडरूम और किचन तक चल रहे हैं। पहले नेता अपराधी पालते थे। अब अपराधी ही नेताओं को पाल रहे हैं। उनके पैसे से नेताओं और अफसरों का घर चल रहा है। इसके लिए सभी पार्टियां जिम्मेदार हैं।
चुनाव में अपराधी व माफिया को चुन-चुनकर टिकट देती है। पप्पू यादव ने कहा कि सता संरक्षित अपराध और माफिया गठजोड़ खत्म करना जरूरी है, अन्यथा समाज नहीं बचेगा।
वहीं, विपक्ष की मौन भूमिका त्यागने की सलाह दी। बता दें कि पिछले बुधवार को अभिषेक की हत्या कर उसका शव मोतीपुर के मोसडी के पास बूढ़ी गंडक नदी में फेंक दिया गया था। बेरहमी से हत्या कर तेजाब छिड़क कर हत्या किए जाने की घटना झकझोर देने वाली है।
वरीय अधिकारी से की बात
उन्होंने वरीय पुलिस अधिकारी से फोन पर बात की। घटना की जांच एसआईटी से कराने, स्पीडी ट्रायल, मृतक मोबाइल का कॉल डिटेल निकालने और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य वैज्ञानिक तरीके से अनुसंधान कर दोषी को सजा दिलाने की मांग की।
उन्होंने बताया कि मामले में आईजी,डीजीपी और गवर्नर से मिलकर न्याय दिलाने के लिए काम करेंगे। मौके पर पूर्व प्रमुख विनोद यादव, मुखिया प्रतिनिधि दर्शन दास, पवन कुमार यादव, रामबाबू राय, शिवजी पासवान, शिव कुमार चौधरी, वीरेंद्र राय, डॉक्टर विनय कुमार, शम्भू दास, किशोरी ठाकुर, दीपक राम, राजेश चौधरी, महेंद्र राय आदि मौजूद थे।