पूर्वी चंपारण में बेटों को लड़ने से रोकने गई मां, धक्का-मुक्की में गई जान, एक गिरफ्तार
पूर्वी चंपारण के नगदाहां गांव में जमीन विवाद को लेकर दो भाइयों की लड़ाई में बीच-बचाव करने पहुंची मां बेनामी देवी की गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने बड़े ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
संवाद सहयोगी, बंजरिया (पूर्वी चंपारण) । पूर्वी चंपारण जिले के बंजरिया थानाक्षेत्र स्थित नगदाहां गांव में सोमवार की रात पारिवारिक जमीन के विवाद को लेकर दो सहोदर भाई आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच बढ़ते विवाद को रोकने गई बूढ़ी मां की मौत विवाद के दौरान हो रही हाथा-पाई के बीच गिरने से हो गई।
बताया गया है कि नगदाहां गांव निवासी स्व. शंकर चौधरी के दो बेटे अजय चौधरी व विजय चौधरी पारिवारिक संपत्ति के विवाद को लेकर सोमवार की रात आपस में लड़ रहे थे। इस बीच दोनों बेटों को आपस में लड़ता देख मां मां बेनामी देवी (60) बीच बचाव करने पहुंची।
वह बेटों को आपस में लड़ने से मना करने लगी। इसी बीच हाथा-पाई के दौरान अचानक से बेनामी जमीन पर गिर गईं। गिरने के साथ वह बेहोश हो गईं। तत्काल उन्हें सदर अस्पताल लाया गया।
यहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छोटे भाई अजय चौधरी के आवेदन के आधार पर बड़े भाई विजय चौधरी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
घटना की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि दो भाइयों विजय चौधरी व अजय चौधरी के बीच जमीनी विवाद को लेकर तीखी बहस हो रही थी।
घटना बाथरूम साफ करने के विवाद से शुरू होकर हाथापाई व मारपीट तक पहुंच गया। पुस्तैनी मकान में एक ही बाथरूम है। उपयोग दोनों भाईयों का परिवार करता है। इसी कारण साफ-सफाई का विवाद बढ़ा।
इसी बीच बीच-बचाव करने पहुंची मां धक्का-मुक्की का शिकार हो गई। वह जमीन पर गिर कर बेहोश हो गई। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया है। मामले में आरोपित बड़े भाई विजय चौधरी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।