विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तकिया के नीचे कट्टा रखकर सोने का शौक, पूर्वी चंपारण में वीडियो प्रसारित होने के बाद गिरफ्तार

Updated: Fri, 10 Jul 2026 03:56 PM (IST)

पूर्वी चंपारण के फेनहारा में एक युवक को फेसबुक पर देसी कट्टे के साथ तस्वीर पोस्ट करना महंगा पड़ गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जालंधर सहनी को गिरफ्तार कर उसके पास से अवैध पिस्तौल और कारतूस बरामद किया।

कट्टा रखने के आरोप में गिरफ्तार युवक के साथ पुलिस की टीम। सौजन्य पुलिस

कट्टा रखने के आरोप में गिरफ्तार युवक के साथ पुलिस की टीम। सौजन्य पुलिस

HighLights

  1. फेसबुक पर देसी कट्टे के साथ फोटो पोस्ट की।

  2. फेनहारा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार बरामद किया।

  3. अवैध हथियार रखने के आरोप में जेल भेजा गया।

संवाद सहयोगी, फेनहारा (पूर्वी चंपारण)। East Champaran Police: इंटरनेट मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने वाले शौकीनों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है।

ताजा मामला पूर्वी चंपारण जिले के फेनहारा थाना क्षेत्र का है, जहां फेसबुक पर देसी कट्टे (आग्नेयास्त्र) के साथ अपनी तस्वीर पोस्ट करना एक युवक को भारी पड़ गया।

फोटो वायरल होने के बाद हरकत में आई फेनहारा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से एक देसी पिस्तौल और कारतूस भी बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिकारगंज थाना क्षेत्र के गोढ़िया हराज निवासी जालंधर सहनी (पिता स्वर्गीय रामचंद्र सहनी) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में फेनहारा के मधुरापुर में रहकर टेंट हाउस का काम करता था।

फेसबुक फोटो देख पुलिस ने बिछाया जाल

पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को फेनहारा पुलिस के आधिकारिक सरकारी मोबाइल पर एक गुप्त सूचना और फेसबुक का स्क्रीनशॉट मिला। इस तस्वीर में एक युवक हाथ में देसी कट्टा लेकर प्रदर्शन करता दिखाई दे रहा था।

थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने डिजिटल सर्विलांस और स्थानीय इनपुट के आधार पर महज कुछ ही घंटों में आरोपी युवक की पहचान जालंधर सहनी के रूप में कर ली।

तकिया के नीचे छुपा रखी थी पिस्तौल

आरोपी की पहचान होते ही पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए फेनहारा के मधुरापुर स्थित जालंधर सहनी के ठिकाने पर अचानक छापेमारी कर दी। पुलिस को देखकर आरोपी सकपका गया। जब टीम ने उसके कमरे और बेड की तलाशी ली, तो होश उड़ाने वाली चीज सामने आई।

जालंधर ने अपने बेड पर तकिया के नीचे एक देसी पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन छिपाकर रखा था। पुलिस ने तुरंत हथियार को जब्त करते हुए मौके से ही आरोपी को दबोच लिया।

आरोपी को भेजा गया जेल

फेनहारा पुलिस ने इस मामले में अवैध हथियार रखने और सोशल मीडिया पर भय फैलाने के आरोप में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है।

आवश्यक पूछताछ के बाद आरोपी जालंधर सहनी को न्यायिक हिरासत में मोतिहारी जेल भेज दिया गया है। इस सफल छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष रजनीश कुमार के साथ सब-इंस्पेक्टर (दारोगा) वीर राज, अभिषेक कुमार पासवान, पुलिस के जवान और स्थानीय चौकीदार शामिल थे।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार युवक की निशानदेही पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसने यह अवैध हथियार कहां से खरीदा था, और इस नेटवर्क में कौन-कौन शामिल हैं।