पूर्वी चंपारण में गहनों से भरा बैग लेकर घर लौट रहा था स्वर्ण व्यवसायी, बदमाशों ने मारी गोली, दो गिरफ्तार
पूर्वी चंपारण के चकिया में एक स्वर्ण व्यवसायी को बदमाशों ने गोली मार दी, जब वह गहनों से भरा बैग ...और पढ़ें

सुजीत कुमार की फाइल फोटो।
HighLights
चकिया में स्वर्ण व्यवसायी सुजीत कुमार को बदमाशों ने गोली मारी।
गहनों से भरा बैग लूटने का प्रयास किया गया, पिता बैग लेकर भागे।
पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, तीसरे की तलाश जारी है।
संवाद सहयोगी, चकिया (पूर्वी चंपारण)। पूर्वी चंपारण जिले के चकिया थानाक्षेत्र के बांसघाट बाजार से सटे प्राथमिक विद्यालय के पास बुधवार की देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक स्वर्ण व्यवसायी को गोली मारकर उनसे गहनों से भरा बैग लूट लेने की सूचना है।
जख्मी बांसघाट वार्ड संख्या-छह निवासी स्वर्ण व्यवसायी अवध किशोर साह के पुत्र सुजीत कुमार हैं। स्वजन के अनुसार घायल सुजीत कुमार की दुकान भुवन छपरा एवं बड़े भाई संजीत कुमार की दुकान पूरन छपरा बाजार पर स्थित है।
बड़े भाई संजीत जब दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे तो रास्ते में उनकी साइकिल से टक्कर हो गई। इसके बाद बांसघाट बाजार पर उनका इलाज चल रहा था। संजीत ने फोन कर छोटे भाई सुजीत को फोन कर दुर्घटना की सूचना देते हुए बताया कि उनके पास गहना का बैग है जिसे आकर लेकर जाए।
सूचना पर सुजीत अपने पिता के साथ मौके पर पहुंच संजीत का सामान लेकर घर रखने जा रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने बांसघाट प्राथमिक स्कूल के पास सुजीत पर फायरिंग कर दी।
सुजीत बाइक समेत गिर पड़े। इस दौरान उनके पिता गहने का बैग लेकर भाग गए। स्वजन के अनुसार अपाचे बाइक पर सवार तीन की संख्या में शामिल बदमाशों ने तीन गोलियां चलाईं थी,जिसमें एक गोली सुजीत के पेट में लगी।
पुलिस को मौके से दो खाली कारतूस मिला है। घटना के बाद आनन-फानन में सुजीत को चकिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी स्थित रहमानिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है।
एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, सभी आरोपितों की गिरफ्तारी का टास्क
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। पीड़तों के बयान रिकार्ड किए गए हैं। जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि व्यवसायी के साथ लूट नहीं हुई।
बदमाशों ने लूट की कोशिश की, लेकिन शोर होने के बाद लोगों को अपनी ओर आता देख बदमाश भाग निकले। एसपी ने निरीक्षण के बाद पुलिस की टीम को सभी बदमाशों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का टास्क दिया है।
पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। तीसरे की खोज चल रही है। गिरफ्तार किए जानेवालों में खरकी कुंअवा निवासी आशुतोष कुमार उर्फ गुर्जर यादव (22) व धीरज कुमार उर्फ मिसकाल (22) शामिल हैं। दोनों से पूछताछ चल रही है।
पिता ने दर्ज कराई प्राथमिकी, कहा- आभूषण का बैग लेकर चला गया घर
घटना की बाबत व्यवसायी के पिता बांसघाट निवासी अवध किशोर साह ने चकिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस को बताया है कि तीन बदमाशों ने मेरे पुत्र सुजीत कुमार के पैर व पेट में गोली मारी। इस बीच शोर मचाए जाने पर स्थानीय लोग आ गए और लूट होने से बच गया। मैं आभूषण का बैग लेकर घर चला गया।
दो साल पहले भी सुजीत पर हुआ था हमला
एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद बताया कि दो साल पहले भी उक्त व्यक्ति पर बांसघाट के पास ही चाकू से हमला किया था। पुरानी घटना के कारणों को लेकर कई तरह की बातें सामने आ रही।
स्वजन फिलहाल पुरानी घटना के बारे में कुछ भी बताने से परहेज कर रहे हैं। वह घटना भी आपसी विवाद को लेकर हुई थी। अब पुलिस घटना से संबंधित सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। शीघ्र पूरे घटनाक्रम का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।
