समस्तीपुर में ट्रेन में घुसे 10 नकाबपोश बदमाश, यात्रियों को घायल कर लाखों की लूट
समस्तीपुर के एक परिवार के साथ हाथीदह स्टेशन के पास ट्रेन में लूटपाट हुई। जसीडीह से लौटते समय कोलकाता-जयनगर एक्सप्रेस में 10 नकाबपोश बदमाशों ने हथियार ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
हाथीदह के पास ट्रेन में हथियारबंद बदमाशों ने की लूटपाट।
नकाबपोश लुटेरों ने पांच लाख रुपये की संपत्ति लूटी, महिला घायल।
समस्तीपुर रेल थाना में शून्य प्राथमिकी दर्ज, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। जसीडीह से लौट रहे एक परिवार के साथ ट्रेन में हथियारबंद अपराधियों द्वारा लूटपाट करने की घटना हाथीदह स्टेशन के पास हुई।
करीब दस की संख्या में नकाबपोश बदमाशों ने यात्रियों को हथियार के बल पर गहने, नकदी और मोबाइल समेत लगभग पांच लाख रुपये की संपत्ति लूट ली। इस संबंध में समस्तीपुर रेल थाना में शून्य प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पीड़ित समस्तीपुर प्रखंड की बाघी पंचायत के वर्तमान पैक्स अध्यक्ष ब्रजनंदन कुमार हैं। उन्होंने बताया कि वे अपने परिवार के साथ देवघर में मुंडन संस्कार कराने के लिए 12 मार्च को समस्तीपुर से गंगासागर एक्सप्रेस से जसीडीह गए थे।
वापसी के दौरान वे कोलकाता–जयनगर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 13135) से परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सफर कर रहे थे। परिवार के कुल 10 सदस्य एस-4 कोच की विभिन्न सीटों पर सवार थे।
उन्होंने बताया कि रविवार की सुबह करीब तीन बजे जसीडीह से ट्रेन खुलने के तीन घंटे बाद हाथीदह स्टेशन से करीब एक किलोमीटर पहले अचानक 10 नकाबपोश बदमाशों का झुंड कोच में घुस आया।
सभी के पास हथियार थे। बदमाशों ने यात्रियों को धमकाते हुए लूटपाट शुरू कर दी। इस दौरान एक हमलावर ने पिस्टल की बट से उनकी बहन के सिर और कान के पास वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गई और उसके कान से खून बहने लगा।
अपराधियों ने यात्रियों को चुप रहने की धमकी देते हुए सोने के जेवर, मोबाइल फोन और नकदी समेत करीब पांच लाख रुपये की संपत्ति लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने ट्रेन की चेन खींचकर उसे रोका और सभी फरार हो गए।
पीड़ितों के अनुसार घटना के बाद ट्रेन में मौजूद दो रेल पुलिस जवानों को पूरी जानकारी दी गई। बाद में बरौनी जंक्शन पहुंचने पर रेल पुलिस को लिखित शिकायत दी गई और घटना से संबंधित वीडियो भी आरपीएफ ने अधिकारियों को सौंपा।
खबरें और भी
इस मामले में समस्तीपुर रेल थाना अध्यक्ष बीरबल कुमार ने बताया कि घटना को लेकर शून्य प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ितों के बयान के आधार पर डकैती की धाराएं लगाई गई हैं और मामला संबंधित क्षेत्र के थाने को भेजा जा रहा है।