पूर्व मंत्री श्यामबिहारी प्रसाद और पूर्व सांसद रमा देवी के पैतृक घर में भीषण चोरी
पूर्वी चंपारण के आदापुर में पूर्व मंत्री श्यामबिहारी प्रसाद और पूर्व सांसद रमा देवी के पैतृक आवास में चोरी हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर ...और पढ़ें

शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। फोटो: जागरण
संवाद सहयोगी, आदापुर (पूर्वी चंपारण)। East Champaran Theft News: जिले के आदापुर प्रखंड क्षेत्र के भेड़िहारी गांव स्थित बिहार सरकार के पूर्व मंत्री श्यामबिहारी प्रसाद एवं शिवहर लोकसभा की पूर्व सांसद रमा देवी के पैतृक आवास में शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया।
घटना की जानकारी रविवार सुबह करीब 5:30 बजे हुई, जब घर की देखभाल कर रहे ग्रामीण भिखारी पटेल मुख्य गेट का ताला खोलकर अंदर पहुंचे। उन्होंने कमरे का ताला टूटा देखा और इसकी सूचना ग्रामीणों के साथ गृहस्वामी पूर्व मंत्री श्यामबिहारी प्रसाद को फोन पर दी।
बताया जा रहा है कि घर के पांच कमरों के ताले टूटे मिले हैं। घटनास्थल पर चाबियों का गुच्छा भी पड़ा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि चोर मुख्य गेट के पास चहारदीवारी फांदकर घर में दाखिल हुए।
पूर्व मंत्री श्यामबिहारी प्रसाद इलाज कराने दिल्ली गए हैं और उनका पूरा परिवार बीते 14 जून से उनके साथ है। इससे पहले पूर्व मंत्री 13 जून को बिहार सरकार के पूर्व केंद्रीय मंत्री ब्रजबिहारी प्रसाद की पुण्यतिथि पर गांव पहुंचे थे। तबीयत खराब होने के बाद वह 14 जून को दोबारा दिल्ली चले गए थे।
खबरें और भी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अंचल निरीक्षक रंजय कुमार और आदापुर थानाध्यक्ष पूजा कुमारी भेड़िहारी गांव पहुंचे। पुलिस ने तत्काल मकान को सील कर दिया।
डिप्टी एसपी सह प्रभारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रक्सौल प्रीतिश कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की और आसपास के लोगों से जानकारी ली।
चोरी की घटना के उद्भेदन के लिए एफएसएल की टीम भेड़िहारी गांव पहुंची। टीम ने चोरी वाले कमरों में बिखरे सामान और घटनास्थल पर मौजूद अन्य सामग्रियों से साक्ष्य के लिए नमूने एकत्र किए। डाग स्क्वायड की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की।
गृहस्वामी के मौजूद नहीं रहने के कारण फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि घर से कौन-कौन सामान चोरी हुआ है। पुलिस आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
ग्रामीण पूर्व सरपंच अनिल कुमार गुप्ता, आदापुर प्रखंड के उप प्रमुख मो. असलम और संजय पटेल ने घटना पर दुख जताया।
डिप्टी एसपी सह प्रभारी एसडीपीओ रक्सौल प्रीतिश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की गई है। डाग स्क्वायड और एफएसएल की टीम ने भी जांच की है, जिसके आधार पर पुलिस घटना के उद्भेदन के लिए अनुसंधान कर रही है।
उन्होंने बताया कि थानाध्यक्ष को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया है और जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।