Darbhanga News : संजय झा का बड़ा दावा-नीतीश की उपेक्षा कर बिहार में कोई सियासी जमीन नहीं बना सकता
जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार की उपेक्षा कर कोई राजनीति ...और पढ़ें

कार्यकर्ता संवाद को संबोधित करते जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद संजय कुमार झा। सौ. कार्यकर्ता
HighLights
नीतीश कुमार की उपेक्षा कर बिहार में राजनीति संभव नहीं।
नीतीश कुमार ने बिहार के विकास को 20 साल आगे बढ़ाया।
फरक्का संधि पर बिहार के पानी के हक की बात उठाई।
जागरण संवाददाता, दरभंगा। बिहार की राजनीति में नीतीश कुमार के प्रभाव को लेकर जदयू ने एक बार फिर अपना रुख साफ कर दिया है।
जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य संजय कुमार झा ने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार की उपेक्षा कर कोई राजनीति नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि बिहार में आज भी लोग नीतीश कुमार को चाहते हैं। जदयू नीतीश कुमार की बनाई हुई पार्टी है और उनके काम के जिंदा रहने तक पार्टी भी मजबूती से आगे बढ़ती रहेगी।
‘पूरा जीवन बिहार को दिया’
दरभंगा के लहेरियासराय परिसदन में आयोजित जदयू कार्यकर्ता संवाद में संजय झा ने कहा कि नीतीश कुमार ने अपना पूरा जीवन बिहार के लिए खपा दिया। उन्होंने बिहार की मान-प्रतिष्ठा को देश-दुनिया में बढ़ाया। उनके मुख्यमंत्री बनने से पहले बिहार के मुख्यमंत्री के नाम पर मजाक होता था, आज स्थिति बदल चुकी है।
20 साल के काम को आगे बढ़ाने की अपील
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि नीतीश कुमार ने पिछले 20 वर्षों में बिहार के विकास के लिए जो काम किया, उसे आगे बढ़ाना संगठन के साथियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने 50 साल आगे की सोच के साथ काम किया है। बिहार के शायद ही किसी समाज का ऐसा वर्ग हो, जिसके दिल में नीतीश कुमार नहीं बसते हों।
अक्टूबर में फिर निकलेंगे दौरे पर
संजय झा ने बताया कि अक्टूबर में नीतीश कुमार फिर भ्रमण पर निकलने वाले हैं। उन्होंने नीतीश कुमार से दरभंगा आने का आग्रह भी किया है। उन्होंने निशांत कुमार को पार्टी का भविष्य बताया।
‘जदयू और नीतीश राजनीति की धुरी’
संजय झा ने कहा कि बिहार में जदयू और नीतीश कुमार राजनीति की धुरी हैं और आगे भी रहेंगे। कार्यकर्ताओं को संगठन को और मजबूत करने के लिए जुटने का आह्वान किया।
फरक्का संधि पर जताई आपत्ति
उन्होंने फरक्का संधि की विसंगतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस पानी पर बिहार का हक है। बिहार के हक की हकमारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने इसे किसी दल का मुद्दा नहीं, बल्कि बिहार के हित से जुड़ा विषय बताया।
