Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दरभंगा के गन्ना किसान ध्यान दें! मिल चालू होने से पहले बनवा लें गन्ना आइडी, तभी मिलेगा योजनाओं का लाभ

    Updated: Sat, 08 Aug 2026 10:51 PM (GMT+05:30)

    Sugarcane Farmers : रैयाम चीनी मिल के दोबारा शुरू होने की प्रक्रिया तेज होने से मिथिलांचल में गन्ने की खेती फिर से बढ़ने की उम्मीद जगी है। गन्ना विभाग ...और पढ़ें

    दरभंगा जिले के केवटी में गन्ने की खेती।

    दरभंगा जिले के केवटी में गन्ने की खेती।

    संवाद सहयोगी, केवटी (दरभंगा)। कभी गन्ने की खेती के लिए पहचान रखने वाला मिथिलांचल अब फिर से खेतों में गन्ने की हरियाली लौटने की उम्मीद कर रहा है।

    रैयाम चीनी मिल के करीब तीन दशक बाद दोबारा चालू होने की प्रक्रिया तेज होते ही गन्ना विभाग ने किसानों को अभी से तैयार करना शुरू कर दिया है। किसानों के लिए गन्ना आइडी निबंधन अभियान शुरू किया गया है।

    विभाग का कहना है कि मिल के संचालन के साथ किसानों को गन्ना बेचने, भुगतान पाने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में यह आइडी महत्वपूर्ण होगी।

    मिल बंद हुई तो छूट गई गन्ने की खेती

    चीनी मिलों के बंद होने और गन्ने के लिए बाजार की कमी के कारण क्षेत्र के किसानों ने धीरे-धीरे गन्ने की खेती से दूरी बना ली थी। अब रैयाम चीनी मिल के संचालन की तैयारी शुरू होने से किसानों में फिर उम्मीद जगी है। विभाग आसपास के गांवों में किसानों से संपर्क कर गन्ने का रकबा बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है।

    मिल चालू होने से पहले आइडी जरूरी

    गन्ना विभाग के अनुसार प्रत्येक किसान के लिए गन्ना आइडी बनवाना जरूरी है। आइडी रहने पर ही विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। इसके माध्यम से किसानों को बीज, खाद, अनुदान और गन्ने के भुगतान जैसी सुविधाओं से जोड़ा जाएगा।

    निशुल्क बनेगी गन्ना आइडी

    किसानों के लिए राहत की बात यह है कि गन्ना आइडी बनवाने के लिए किसी तरह का शुल्क नहीं देना होगा। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और सरल रखी गई है। किसान घर बैठे अपना निबंधन कर सकते हैं।

    खबरें और भी

    13 अंकों की डीबीटी आइडी से होगा निबंधन

    किसानों को गन्ना विभाग की वेबसाइट ccs.bihar.gov.in पर जाना होगा। यहां निबंधन विकल्प चुनने के बाद 13 अंकों की डीबीटी आइडी दर्ज करनी होगी। इसके बाद स्क्रीन पर किसान की जानकारी दिखाई देगी। जानकारी का सत्यापन कर सबमिट करते ही गन्ना आइडी बन जाएगी।

    ऑनलाइन परेशानी हो तो यहां मिलेगी मदद

    यदि किसी किसान को ऑनलाइन निबंधन में परेशानी होती है तो वह अपने प्रखंड कृषि कार्यालय में जाकर प्रखंड कृषि पदाधिकारी के माध्यम से गन्ना आइडी बनवा सकता है।

    मिल के साथ बढ़ेगी खेतों की उम्मीद

    रैयाम चीनी मिल के दोबारा संचालन की तैयारी से किसानों को गन्ने के लिए स्थानीय बाजार मिलने की उम्मीद है। विभाग का लक्ष्य है कि मिल शुरू होने तक अधिक से अधिक किसानों का निबंधन पूरा हो जाए, ताकि क्षेत्र में गन्ना उत्पादन को फिर गति मिल सके।