Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दरभंगा के एक घर में बिस्तर पर छिपा था सांप, दो भाइयों को डंसा, एक की मौत, दूसरा गंभीर

    Updated: Tue, 11 Aug 2026 11:41 AM (IST)

    दरभंगा में एक ही घर में बिस्तर पर छिपे सांप ने दो भाइयों को डंसा, जिसमें बड़े भाई की मौत हो गई और छोटा गंभीर है। इन घटनाओं ने बरसात में घरों में सांपो ...और पढ़ें

    बच्चे की गर्दन को देखते स्वजन।

    बच्चे की गर्दन को देखते स्वजन।

    संवाद सहयोगी, तारडीह/दरभंगा। रात की नींद और घर की चारदीवारी भी सुरक्षित नहीं रही। कहीं बिस्तर पर छिपे सांप ने मासूम भाई की जान ले ली तो कहीं घर में सो रहे दो लोगों को डंसकर अस्पताल पहुंचा दिया।

    सोमवार को दरभंगा और आसपास के इलाकों में सर्पदंश की घटनाओं ने परिवारों को झकझोर दिया। तारडीह में तो एक ही घर के दो भाइयों को सांप ने डंस लिया। इनमें बड़े भाई की मौत हो गई, जबकि छोटा अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है।

    पहले बड़े भाई को डंसा

    सकतपुर थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर स्थित वार्ड पांच में सोमवार सुबह रंजीत मुखिया के पुत्र संदीप मुखिया (13) को करैत सांप ने पैर में डंस लिया। स्वजन आनन-फानन में उसे झंझारपुर ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। डीएमसीएच ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

    कुछ देर बाद छोटे भाई की गर्दन में डंस लिया

    संदीप की मौत का गम परिवार को संभलने का मौका भी नहीं दे पाया था कि एक-दो घंटे बाद उसके छोटे भाई अंदीप (7) को भी सांप ने डंस लिया। बताया गया कि सांप बिस्तर पर ही मौजूद था। गर्दन में दंश के बाद बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

    दिल्ली से पिता पहुंचे गांव

    घटना के समय बच्चों के पिता रंजीत मुखिया दिल्ली में थे। वे नारायणपुर शेरपुर पंचायत के वार्ड पांच के वार्ड सदस्य हैं। बेटे को सांप के डंसने और उसकी मौत की सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल विमान पकड़ा और गांव पहुंचे। घर में मां, बहन और अन्य स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम पसरा है।

    खबरें और भी

    डीएमसीएच में दो और मरीज

    उधर, सर्पदंश के शिकार दो अन्य मरीजों को सोमवार को डीएमसीएच में भर्ती कराया गया। दोनों का उपचार इमरजेंसी विभाग के मेडिसिन कैजुअल्टी केयर यूनिट में चल रहा है। इनमें समस्तीपुर के सिंघिया थाना क्षेत्र के जगनावारी निवासी श्रवण कुमार यादव (32) और मधुबनी के सकरी थाना क्षेत्र के कनकपुर निवासी गोविंद कुमार यादव (14) शामिल हैं।

    घर में ही डंसने से बढ़ी चिंता

    बताया गया कि दोनों को रविवार रात घर में ही सांप ने डंसा था। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें डीएमसीएच रेफर किया, जहां उनका इलाज चल रहा है। लगातार सामने आ रही घटनाओं ने खासकर ग्रामीण इलाकों में घरों के भीतर सांपों के पहुंचने और रात में सोते समय बरती जाने वाली सावधानी को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

    एक मौत, कई परिवारों में दहशत

    सर्पदंश की इन घटनाओं में एक मासूम की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। वहीं तीन अन्य मरीज अस्पताल में उपचाररत हैं। बरसात के मौसम में सांपों के निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में घर और आसपास के स्थानों को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है।