विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा में इंटर कालेज शतरंज प्रतियोगिता में सीएम साइंस कालेज ने मारी बाजी

By Prince Kumar Edited By: Dharmendra Singh
Updated: Tue, 20 Jan 2026 11:24 PM (IST)

दरभंगा के सीएम कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय अंतर महाविद्यालय शतरंज प्रतियोगिता में सीएम साइंस कॉलेज का दबदबा रहा। कॉलेज के खिलाड़ियों ने बालक और बालिका ...और पढ़ें

विजेता प्रमाण पत्र के साथ  छात्र छात्राएं। जागरण

विजेता प्रमाण पत्र के साथ छात्र छात्राएं। जागरण

HighLights

  1. सीएम साइंस कॉलेज ने प्रतियोगिता में दबदबा बनाया।

  2. कशिश कुमारी और अनिकेत रंजन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

  3. ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के आठ कॉलेजों ने भाग लिया।

जागरण संवाददाता, दरभंगा । सीएम कालेज में आयोजित दो दिवसीय अंतर महाविद्यालय शतरंज प्रतियोगिता के अंतिम दिन मंगलवार को सीएम साइंस कालेज का दबदबा रहा। बालिका एवं बालक वर्ग में इस महाविद्यालय के चेस खिलाड़ियों ने प्रथम स्थान तो हासिल किया ही छह स्थानों में दो अन्य पर भी अपना अधिकार जमा लिया।

इस दौरान कालेज के सभागार में सभी खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। सीएम साइंस कालेज की कशिश कुमारी को बालिका वर्ग में और अनिकेत रंजन को बालक वर्ग में पहला स्थान पाने के लिए प्रधानाचार्य प्रो. मुश्ताक अहमद के साथ मुख्य अतिथि ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के आइक्यूएसी निदेशक डा. ज्या हैदर एवं विशिष्ट अतिथि खेल पदाधिकारी डा. अमृत कुमार झा ने ट्राफी प्रदान किया।

बालिका वर्ग में कुंवर सिंह कालेज की जेवा प्रवीण उपविजेता रहीं। वहीं इसी कालेज की आयशा आकांक्षा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। चौथे स्थान पर सीएम साइंस कालेज की आकांक्षा श्री और पांचवें स्थान पर इसी महाविद्यालय की ईशा कुमारी रहीं। छठे स्थान पर सीएम कालेज की दृशि कुमारी को सफलता मिली। बालक वर्ग में सीएम कालेज के ऋतिक कुमार उपविजेता रहे।

वहीं तीसरे और चौथे स्थान पर सीएम साइंस कालेज के अभिषेक रंजन व शुभम कुमार रहे। कुंवर सिंह कालेज के अमित कुमार पांचवें और छठे स्थान पर एमएलएसएम कालेज के शिवेश कुमार झा ने सफलता पाई। दोनों ही वर्ग के उप विजेता और तीसरे स्थान पर रहे खिलाड़ियों को भी ट्राफी दी गई।

अन्य सभी को मंचस्थ अतिथियों के साथ ही अम्पायर साकेत कुमार चौधरी, सीएम कालेज के खेल पदाधिकारी सह आयोजन सचिव डा. विभेश कुमार चतुर्वेदी एवं संचालक डा. ललित शर्मा ने भी मेडल, प्रतीक चिह्न और प्रमाण पत्र से सम्मानित किया। प्रतियोगिता में लनामिवि के आठ कालेजों दरभंगा के सीएम कालेज, सीएम साइंस कालेज, केएस कालेज, एमआरएम कालेज व एमएलएसएम कालेज के साथ ही आरके कालेज मधुबनी तथा आरएनएआर कालेज समस्तीपुर के कुल 31 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें 20 बालक और 11 बालिकाएं थीं।