विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कमर से निकला शराब का टेट्रा पैक; थैले से नमकीन, बिहार के अस्पताल में जाम छलकाती महिलाओं का वीडियो वायरल

By Mrityunjay BhardwajEdited By: Dharmendra Singh
Published: Tue, 13 Oct 2026 06:54 PM (IST)Updated: Tue, 13 Oct 2026 08:18 PM (IST)

Darbhanga hospital staff : दरभंगा के डीएमसीएच में ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों द्वारा शराब पार्टी करने का एक वीडियो सोशल ...और पढ़ें

HighLights

  1. डीएमसीएच कर्मियों की ड्यूटी पर शराब पार्टी का वीडियो।

  2. सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ यह आपत्तिजनक वीडियो।

  3. अस्पताल अधीक्षक ने मामले की जांच के दिए सख्त आदेश।

संवाद सहयोगी, दरभंगा। अस्पताल में मरीजों का इलाज और उनकी सेवा करने की जिम्मेदारी जिन कर्मियों पर है, उन्हीं पर ड्यूटी के दौरान शराब पार्टी करने का आरोप लगा है।

डीएमसीएच में महिला और पुरुष कर्मियों का शराब पीते हुए एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद हड़कंप मच गया है।

वीडियो में नमकीन, डिस्पोजल ग्लास और ट्रेटा पैक शराब दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, प्रसारित वीडियो की पुष्टि दैनिक जागरण नहीं करता है।

थैले से निकले ग्लास, फिर खुला ट्रेटा पैक

प्रसारित वीडियो में दो महिलाएं थैले से नमकीन और डिस्पोजल प्लास्टिक ग्लास निकालती दिखाई दे रही हैं। इसके बाद एक पुरुष कर्मी अपनी कमर से ट्रेटा पैक शराब निकालकर देता दिखता है।

फिर ग्लास में शराब और पानी डालने के बाद महिलाओं के पीने का दृश्य सामने आने की बात कही जा रही है। बताया जाता है कि यह वीडियो सर्जरी विभाग के ओपीडी की सीढ़ियों के पास का है।

आउटसोर्सिंग कर्मियों पर आरोप

वीडियो में दिख रहे लोगों को डीएमसीएच में आउटसोर्सिंग के तहत कार्यरत कर्मी बताया जा रहा है। इनमें पुरुष कर्मी ट्राली मैन और महिलाएं निजी एजेंसी की कर्मचारी बताई जाती हैं।

जानकारी सामने आने के बाद संबंधित आउटसोर्सिंग एजेंसी ने सभी कर्मियों को तत्काल निलंबित कर दिया था। हालांकि, बाद में शराब पार्टी में शामिल बताए जा रहे कुछ महिला और पुरुष कर्मियों के दोबारा काम पर लौटने की चर्चा है। वीडियो फिर से प्रसारित होने के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

अधीक्षक ने दिया जांच का आदेश

डीएमसीएच अधीक्षक डा. जगदीश चंद्र ने बताया कि वीडियो की जानकारी मिली है। इसकी सत्यता की जांच कर शराब पार्टी में शामिल कर्मियों को चिह्नित करने और उनके विरुद्ध कार्रवाई करने का आदेश दिया गया है।

बर्खास्तगी का दावा

वहीं, ट्राली मैन के सुपरवाइजर रमण सिंह ने बताया कि वीडियो में दिख रहे कर्मी को महीनों पहले ही बर्खास्त किया जा चुका है।

यदि जांच में किसी अन्य कर्मी के शामिल होने की पुष्टि होती है तो उसके विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि वीडियो में कौन-कौन शामिल है और संबंधित कर्मियों के विरुद्ध क्या कार्रवाई होती है।