Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कोहरे का कहर, दरभंगा से इंडिगो और अकासा की सभी उड़ानें रद

    By Rahul Kumar Gupta Edited By: Ajit kumar
    Updated: Sat, 27 Dec 2025 06:55 PM (IST)

    दरभंगा एयरपोर्ट पर घने कोहरे और ठंड के कारण हवाई यातायात लगातार दूसरे दिन भी प्रभावित रहा। इंडिगो और अकासा एयर की दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद के लिए सभी ...और पढ़ें

    Darbhanga Airport News: दूसरे दिन स्पाइसजेट ने दिल्ली और मुंबई के बीच एक एक फेरा लगाया। फाइल फोटो

    Darbhanga Airport News: दूसरे दिन स्पाइसजेट ने दिल्ली और मुंबई के बीच एक एक फेरा लगाया। फाइल फोटो

    HighLights

    1. घने कोहरे के कारण दरभंगा एयरपोर्ट पर उड़ानें बाधित

    2. इंडिगो, अकासा एयर की सभी उड़ानें रद्द की गईं

    3. स्पाइसजेट की दिल्ली-मुंबई के बीच एक उड़ान संचालित

    संवाद सहयोगी, दरभंगा। IndiGo Flight Cancelled: बढ़ती ठंड और घने कोहरे का असर दूसरे दिन भी दरभंगा एयरपोर्ट पर साफ दिखा। शनिवार को इंडिगो और अकासा एयर की सभी उड़ानें रद्द रहीं।

    जिससे हवाई यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। हालांकि स्पाइसजेट ने दिल्ली और मुंबई के लिए एक-एक उड़ान का संचालन कर एयरपोर्ट की हवाई सेवा को पूरी तरह ठप होने से बचा लिया।

    शनिवार को दरभंगा एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद के लिए कई उड़ानों का संचालन प्रस्तावित था। इसमें दिल्ली और मुंबई के लिए अकासा एयर की दो जोड़ी उड़ानें पहले से ही शेड्यूल में रद्द घोषित कर दी गई थीं।

    शेष उड़ानों को लेकर सुबह से ही असमंजस की स्थिति बनी रही। मौसम में सुधार की उम्मीद में एयरपोर्ट के आसपास चाय-नाश्ते की दुकानें भी सजी रहीं, लेकिन पछुआ हवा और घने कोहरे ने सभी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

    मौसम की खराब स्थिति के चलते एयरपोर्ट शुक्रवार की तरह शनिवार को भी यात्रियों और उनके स्वजनों की भीड़ से गुलजार नहीं हो सका। दिनभर सन्नाटा पसरा रहा।

    अंततः सुबह 11 बजे के बाद इंडिगो और अकासा एयर ने अपनी शेष सभी चार जोड़ी उड़ानों को रद्द करने का निर्णय लिया। इसके कारण दरभंगा-दिल्ली, दरभंगा-मुंबई और दरभंगा-हैदराबाद रूट पर हवाई सेवाएं ठप रहीं।

    हालांकि स्पाइसजेट की ओर से दरभंगा और दिल्ली-मुंबई के बीच एक-एक उड़ान का संचालन किया गया। मुंबई से दरभंगा आने वाली स्पाइसजेट की उड़ान एसजी-334 निर्धारित समय से चार मिनट पहले पहुंची, जबकि दिल्ली से आने वाली उड़ान एसजी-495 तय समय से करीब 40 मिनट पहले लैंड हुई।

    जानकारी के अनुसार, शनिवार को कुल चार जोड़ी उड़ानों के रद्द होने से करीब 1240 से अधिक यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई। राहत की बात यह रही कि एयरलाइंस कंपनियों ने उड़ान रद्द होने की सूचना यात्रियों को मोबाइल संदेश और सूचना पट के माध्यम से पहले ही दे दी थी, जिससे यात्रियों को ज्यादा परेशानी नहीं उठानी पड़ी। जो यात्री एयरपोर्ट पहुंच चुके थे, वे सूचना मिलने के बाद वापस लौट गए।

    खबरें और भी

    इधर, शुक्रवार को हैदराबाद से दरभंगा आ रही इंडिगो की एक उड़ान को खराब मौसम के कारण कोलकाता डायवर्ट किया गया था। इंडिगो के अधिकारियों के अनुसार, विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित हैदराबाद वापस भेज दिया गया और वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराई गई।

    लगातार दूसरे दिन खराब मौसम के कारण दरभंगा एयरपोर्ट पर हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा, जिससे यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय कारोबारियों को भी नुकसान उठाना पड़ा।