कल मनेगी श्रीकृष्णजन्माष्टमी, आधी रात जन्मेंगे कान्हा; बक्सर के बैकुंठनाथ मंदिर में विशेष उत्सव की तैयारी
बक्सर में शुक्रवार (4 सितंबर) को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जाएगी, जिसके लिए मंदिरों और घरों ...और पढ़ें

कल मनेगी श्रीकृष्णजन्माष्टमी, आधी रात जन्मेंगे कान्हा (AI Generated Image)
HighLights
बक्सर में 4 सितंबर को मनाई जाएगी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी।
मंदिरों और घरों में तैयारियां, सजेगी आकर्षक झांकियां।
आधी रात को होगा कान्हा का जन्मोत्सव, विशेष पूजा।
जागरण संवाददाता, बक्सर। भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव शुक्रवार को (04 सितंबर) श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। जन्माष्टमी को लेकर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक मंदिरों और घरों में तैयारियां शुरू हो गई हैं।
भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की पूजा-अर्चना के साथ आकर्षक झांकियां सजाई जाएंगी। कई मंदिरों में भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण का जन्म भाद्रपद कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को रोहिणी नक्षत्र में ही मध्यरात्रि के समय हुआ था। इसी कारण जन्माष्टमी पर श्रद्धालु दिनभर उपवास रखते हैं और रात में भगवान के जन्म के समय पूजा-अर्चना कर व्रत का पारण करते हैं।
इस अवसर पर आधी रात को मंदिरों में शंख-घंटे बजाकर भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। श्रद्धालु प्रभु को पंचामृत से स्नान कराकर नए वस्त्र और आभूषण पहनाएंगे। माखन-मिश्री, पंजीरी, फल और अन्य प्रसाद अर्पित किए जाएंगे।
घरों में भी लड्डू गोपाल की विशेष पूजा की जाएगी। शहर स्थित बैकुंठनाथ मंदिर, मारुति नंदन हनुमान मंदिर समेत अन्य स्थलों पर जन्माष्टमी को लेकर विशेष सजावट की तैयारी की जा रही है।
बच्चों में भी जन्माष्टमी को लेकर खास उत्साह देखा जा रहा है। इधर, बाजार में भी भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमाओं, पोशाक, मुकुट, बांसुरी, झूला और पूजा सामग्री की मांग तेज हो गई है।
