विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बक्सर में भाजपा नेता और RTI कार्यकर्ता आमने-सामने, हत्या की धमकी से रंगदारी तक के आरोप; दोनों ओर से FIR

Published: Tue, 08 Sep 2026 09:44 AM (IST)

बक्सर में भाजपा नेता प्रदीप राय और आरटीआई कार्यकर्ता शिव प्रकाश राय के खिलाफ एक-दूसरे पर हत्या की धमकी और ...और पढ़ें

बक्सर में भाजपा नेता और आरटीआई कार्यकर्ता में विवाद। सांकेतिक तस्वीर

बक्सर में भाजपा नेता और आरटीआई कार्यकर्ता में विवाद। सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. भाजपा नेता प्रदीप राय पर हत्या की धमकी का आरोप।

  2. आरटीआई कार्यकर्ता शिव प्रकाश राय पर रंगदारी का केस।

  3. दोनों पक्षों ने बक्सर नगर थाना में एफआईआर कराई।

जागरण संवाददाता, बक्सर। आरटीआई कार्यकर्ता शिव प्रकाश राय को हत्या की धमकी के मामले में भाजपा नेता रियल एस्टेट व्यवसायी प्रदीप राय और उनके सहयोगियों के खिलाफ नगर थाना में प्राथमिकी की गई है।

मामले में दूसरे पक्ष के प्रियव्रत दुबे के बयान पर आरटीआइ कार्यकर्ता के खिलाफ भी एक केस दर्ज किया गया है। बक्सर नगर थाना अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर सोमवार की रात प्राथमिकी कर ली गई है।

भाजपा नेता पर लगाए गंभीर आरोप 

थाना क्षेत्र के चरित्रवान धोबी घाट गली नंबर 2 के निवासी आरटीआई कार्यकर्ता शिव प्रकाश राय ने नगर थाना प्रभारी को दिए अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि सोमवार शाम करीब 6:30 बजे जब वे अपने घर के परिसर में गेट खोलने गए, तो वहां 10-12 लोग मौजूद थे।

उनके अनुसार, गेट खोलते ही वे सभी जबरन अंदर घुस आए। पूछताछ करने पर उनमें से एक व्यक्ति ने खुद को शिवपुरी निवासी प्रियव्रत दुबे बताया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की धमकी दी। शिव प्रकाश राय का आरोप है कि ये सभी लोग सोहनीपट्टी निवासी भाजपा नेता प्रदीप राय के कहने पर आए थे। 

आवेदन में उन्होंने यह भी उल्लेख किया है कि प्रदीप राय पर भूमि निबंधन कर, होल्डिंग टैक्स और उनके एक निजी विद्यालय में 25 प्रतिशत गरीब बच्चों के नामांकन के मामले में हेराफेरी को लेकर उन्होंने सक्षम प्राधिकार में शिकायत दर्ज कराई थी, इसी रंजिश में उन पर हमला करने की नीयत से लोगों को भेजा गया था।

आरटीआई कार्यकर्ता पर भी एफआईआर 

वहीं दूसरी ओर, दूसरे पक्ष की ओर से भी मामला दर्ज कराया गया है। प्रियव्रत दुबे के बयान पर आरटीआइ कार्यकर्ता शिव प्रकाश राय के खिलाफ भय दिखाकर दोहन करने, रंगदारी मांगने और रुपए ऐंठने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी कराई गई है।

इसी विवाद के बीच भाजपा नेता प्रदीप राय और आरटीआई कार्यकर्ता शिव प्रकाश राय के बीच हुई कथित व्हाट्सएप बातचीत के कुछ स्क्रीनशाट भी वायरल हो रहे हैं, हालांकि इनकी कोई स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।

वायरल चैट में बातचीत के दौरान तीखी बहस, गाली-गलौज और पैसों के लेन-देन से जुड़े आरोपों-प्रत्यारोपों की बातें सामने आ रही हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रदीप राय जिले के एक प्रमुख भाजपा नेता के रूप में जाने जाते हैं।

उन पर पहले भी जमीन के मामलों में हेरा-फेरी के आरोप लगते रहे हैं और उनसे जुड़े मामले न्यायालय में भी लंबित हैं, हालांकि किसी भी मामले में अदालत अभी किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।

भाजपा नेता पर पूर्व में भी लगे हैं कई आरोप 

बीते दिनों डुमरांव के पूर्व विधायक और माले नेता अजीत कुशवाहा ने भी उन पर जमीन के कागजातों में हेरा-फेरी करने और दूसरों की जमीन पर कब्जा करने का गंभीर आरोप लगाया था।

हालांकि, भाजपा नेता ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और न्यायालय से दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।

गौरतलब है कि प्रदीप राय बीते विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर ब्रह्मपुर विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी भी पेश कर चुके हैं, हालांकि वह सीट गठबंधन समझौते के तहत सहयोगी दल के खाते में चली गई थी। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आवेदनों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।