विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 24, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पावर स्टार पवन सिंह के मकान में चोरी, खिड़की के रास्ते घर में घुसे चोर; 15 लाख के जेवरात ले उड़े

By Deepak SinghEdited By: Rajat Mourya
Published: Tue, 24 Jun 2025 02:29 PM (IST)Updated: Tue, 24 Jun 2025 02:38 PM (IST)

भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह के आरा स्थित मकान में सोमवार देर रात करीब 15 लाख रुपये की चोरी हो गई। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुरी सिनेमा अभिनेता सह गायक और पावर स्टार के नाम से मशहूर पवन सिंह के मकान में सोमवार की देर रात चोरी हुई है। चोरों ने करीब 15 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति चुराई है। यह घटना आरा शहर के टाउन थाना क्षेत्र के मझौंवा, मारुति नगर मकान में हुई है। इसे लेकर सिने अभिनेता के बड़े भाई राणू सिंह ने संबंधित थाना में अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी कराई है।

वारदात के बाद एसपी राज के निर्देश पर संबंधित थाना के अलावा डीआईयू और एफएसएल की टीम जांच में जुट गई है। दरअसल, सिनेमा अभिनेता पवन सिंह का आरा शहर में पकड़ी और मारूति नगर दो मोहल्लों में मकान है।

मारुति नगर मोहल्ले के मकान में सिनेमा स्टार की पहली पत्नी स्व. नीलम देवी के माता-पिता रहते हैं, जो उनके बड़े भाई के भी सास-ससुर हैं। सोमवार की देर रात अज्ञात चोर मकान की खिड़की की ग्रील उखाड़कर कमरे के अंदर प्रवेश कर गए। जिस कमरे में चोर घुसे उस कमरे में घटना के समय कोई नहीं सोया था।

चोरों ने कमरे में अलमारी और बक्से को तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात समेत अन्य सामान चुरा लिया। इस दौरान किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।

इधर, अभिनेता पवन सिंह की सास कलावती देवी ने बताया कि 15 हजार नकद दो कंगन, लक्ष्मी चैन, एक नवाबी चैन, एक मंगलसूत्र, दो सिकड़ी, दो अंगूठी, चार जोड़ा छागल मिलाकर करीब 15 लाख की चोरी की गई है। जब सुबह मैंने दरवाजा खोला तो, दरवाजा नहीं खुल रहा था। जिसके बाद मैंने अपने पति से बोला कि जाकर के गली से देखिए क्या हुआ है।

तब जाकर के पता चला कि चोरों ने खिड़की खोलकर चोरी की घटना का अंजाम दिया है। जिसके बाद मैं पवन सिंह के बड़े भाई रानू सिंह को फोन कर सारी घटना बताई।

इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। टाउन थाना इंस्पेक्टर से लेकर एसपी से बात की गई। खबर यह भी आ रही है कि मकान में चोरी को लेकर पवन सिंह ने खुद भोजपुर एसपी राज से बात की है।

'रायफल छोड़ दी, मगर 30 कारतूस चुराकर कर ले भागे चोर'

इधर, पवन सिंह के बड़े भाई राणू सिंह ने बताया कि वे परिवार समेत हरिद्वार गए थे। अपनी लाइसेंस रायफल दूसरे मकान के कमरे में सास और ससुर के पास रखे थे। गनीमत यह रही की रायफल को चोरों ने नहीं चोरी किया, लेकिन 30 कारतूस चुराकर ले गए हैं।

राणू सिंह ने बताया कि इस मामले की जानकारी पवन सिंह को दे दी गई है। उन्होंने एसपी से बात की है। उपरोक्त मकान में पवन सिंह की पहली पत्नी स्व नीलम सिंह की मां कलावती देवी और उनके पति सुनील कुमार सिंह रहते हैं। दोनों ही दूसरे कमरे में सो रहे थे। तभी चोरों ने इस घटना को अंजाम दिया है।