Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार विधान परिषद उप-चुनाव: भोजपुर और बक्सर में कुल 6,116 मतदाता, पहले दिन नहीं हुआ कोई नामांकन

    Updated: Thu, 16 Apr 2026 10:58 PM (GMT+05:30)

    बिहार विधान परिषद उप-चुनाव के लिए भोजपुर और बक्सर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र की प्रारूप मतदाता सूची जारी कर दी गई है। इसमें कुल 6,116 मतदाता ...और पढ़ें

    बिहार विधान परिषद उप-चुनाव

    बिहार विधान परिषद उप-चुनाव

    HighLights

    1. भोजपुर-बक्सर MLC उप-चुनाव की प्रारूप मतदाता सूची जारी।

    2. कुल 6,116 मतदाता, 21 अप्रैल तक दावे-आपत्तियां स्वीकार्य।

    3. पहले दिन किसी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया।

    जागरण संवाददाता, आरा। बिहार विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव को लेकर भोजपुर एवं बक्सर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित कर दिया गया है। दोनों जिलों को मिलाकर कुल 6,116 मतदाता शामिल किए गए हैं। इसमें भोजपुर जिले के 3,787 और बक्सर जिले के 2,329 मतदाता शामिल है।

    जिला प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि इस प्रारूप सूची पर 21 अप्रैल तक दावा और आपत्ति के आवेदन लिए जाएंगे, जिसके बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। 

    भोजपुर जिले में कुल 3787 मतदाता

    भोजपुर जिले में कुल 3787 मतदाता शामिल हैं। इसमें शाहपुर में 346, बिहिया में 241, आरा में 363, बड़हरा में 370, कोइलवर में 282, उदवंतनगर में 256, जगदीशपुर में 343, पीरो में 364, चरपोखरी में 163, गड़हनी में 153, अगिआंव में 235, संदेश में 179, तरारी में 291 और सहार में 201 मतदाता दर्ज किए गए हैं। 

    वहीं बक्सर जिले में कुल 2329 मतदाता हैं, जिनमें चौसा में 154, राजपुर में 294, इटाढ़ी में 265, बक्सर में 260, सिमरी में 345, चक्की में 61, ब्रह्मपुर में 275, डुमरांव में 275, चौगाई में 77, केसठ में 56 और नावानगर में 267 मतदाता शामिल हैं। 

    गुरुवार को नामांकन का खाता नहीं खुल सका

    जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम तनय सुल्तानिया ने बताया कि प्रारूप सूची के प्रकाशन के बाद संबंधित प्रखंडों/नगर निकाय मुख्यालय में मतदाता सूची का अवलोकन किया जा सकता है। यदि किसी योग्य व्यक्ति का नाम सूची में नहीं है या किसी अयोग्य व्यक्ति का नाम शामिल हो गया है, तो निर्धारित प्रपत्र में बीडीओ और कार्यपाल तथा नगर आयुक्त को आवेदन देकर सुधार कराया जा सकता है। इसके लिए सभी प्रखंड/निकाय मुख्यालयों पर व्यवस्था की गई है। 

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- Bihar MLC By-Election: बिहार विधान परिषद उपचुनाव की घोषणा, दीपक प्रकाश होंगे एनडीए प्रत्याशी


    इधर, चुनाव की अधिसूचना जारी होने के पहले दिन गुरुवार को नामांकन का खाता नहीं खुल सका। किसी भी प्रत्याशी ने पहले दिन नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया।

    कन्या प्लस टू उच्च विद्यालय में बन रहा वज्रगृह सह मतगणना हाल

    भोजपुर-सह-बक्सर स्थानीय प्राधिकारी उप निर्वाचन के तहत मतगणना हाल एवं वज्रगृह शहर के कन्या प्लस टू उच्च विद्यालय में बनेगा। निर्माण संबंधी तैयारियों की समीक्षा के लिए भोजपुर बक्सर के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम तनय सुल्तानिया ने गुरुवार को स्थल निरीक्षण किया। 

    मौके पर एडीएम शिप्रा विजयकुमार चौधरी, संजय कुमार जिला कोषागार सह नोडल पदाधिकारी व्रजगृह कोषांग, कार्यपालक अभियंता भवन निर्माण विभाग, दिवाकर दास उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

    चुनाव आयोग के निर्देश पर भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदाता प्रारूप सूची का प्रकाशन सभी 25 प्रखंड/निकाय मुख्यालय पर कर दिया गया है। इसमें आवश्यक सुधार के लिए 21 अप्रैल तक दावा-आपत्ति दर्ज करने का समय दिया गया है। पहले दिन एक भी नामांकन किसी प्रत्याशी के द्वारा नहीं किया गया है।- तनय सुल्तानिया, जिला निर्वाचन पदाधिकारी