मां के पास जा रहा था मासूम, पिता ने गोद में उठाया... भोजपुर में आहर पार करते डूबे दोनों; एक साथ बुझ गया घर का चिराग
भोजपुर के नारायणपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में पिता-पुत्र की आहर में डूबने से मौत हो गई। उमेश राम अपने ढाई वर्षीय बेटे अभय को पत्नी के पास ...और पढ़ें

गांव में पसरा मातम
HighLights
भोजपुर में आहर में डूबने से पिता-पुत्र की मौत।
ढाई वर्षीय बेटे को मां के पास ले जाते समय हादसा।
परिवार में शोक की लहर, गांव में पसरा मातम।
जागरण टीम, आरा/अगिआंव(भोजपुर)। भोजपुर के नारायणपुर थाना क्षेत्र में शनिवार की शाम दर्दनाक हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। सेवथरा गांव के आहर को पार करने के दौरान उमेश राम अपने ढाई वर्षीय बेटे अभय के साथ गहरे पानी में डूब गए।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने दोनों के शवों को आहर से बाहर निकाला।
मृतकों की पहचान सहयोगी टोला अनुसूचित जाति मोहल्ला निवासी उमेश राम और उनके बेटे अभय राम के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, आरा भेज दिया।
खेत में काम कर रही थी मां, रोने लगा मासूम
जानकारी के अनुसार उमेश राम की पत्नी सीता देवी शनिवार को सेवथा गांव के बधार में धान की रोपनी करने गई थीं। इसी दौरान उनका ढाई वर्षीय बेटा अभय रोने लगा।
बच्चे को रोता देख उमेश राम उसे गोद में लेकर पत्नी के पास जाने के लिए घर से निकले। उन्हें रास्ते में सेवथरा गांव का आहर पार करना था।
आहर पार करने के दौरान अचानक उमेश गहरे पानी में चले गए। गोद में मौजूद मासूम अभय भी पिता के साथ पानी में डूब गया।
शोर सुनकर दौड़े ग्रामीण, शुरू हुई तलाश
हादसे के बाद आसपास के लोगों को इसकी जानकारी हुई तो मौके पर भीड़ जुट गई।ग्रामीणों ने तत्काल दोनों की तलाश शुरू कर दी।
काफी प्रयास के बाद पिता-पुत्र के शवों को पानी से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई।
इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लिया। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंपने की प्रक्रिया की गई।
पिता था इकलौता बेटा, मां ने खोया अपना इकलौता लाल
उमेश राम अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। उनकी मौत से बुजुर्ग माता-पिता पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं, सीता देवी के एक पुत्र और एक पुत्री थी।
अभय परिवार का इकलौता बेटा था। एक साथ पिता और बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल रहा और आसपास के लोग उन्हें ढांढस बंधाते रहे।
एक साथ बुझ गया घर का चिराग, गांव में पसरा मातम
पिता-पुत्र की मौत की खबर मिलते ही सेवथरा और सहयोगी टोला में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
जिस मासूम को पिता गोद में लेकर मां के पास जा रहा था, वही रास्ता परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया। ग्रामीण घटना को लेकर काफी दुखी हैं।
पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।