Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार में सड़क हादसा, पीरो-बिहटा हाईवे पर कार-ट्रक की टक्कर में 2 युवकों की मौत, 5 घायल

    Updated: Sun, 15 Mar 2026 11:12 AM (IST)

    भोजपुर के पीरो-बिहटा हाईवे पर तिवारीडीह ओवरब्रिज के पास शनिवार रात कार-ट्रक की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि पांच गंभीर रूप से घायल हो गए। घा ...और पढ़ें

    घायलों को अस्पताल पहुंचाते लोग। (जागरण)

    घायलों को अस्पताल पहुंचाते लोग। (जागरण)

    HighLights

    1. पीरो-बिहटा हाईवे पर कार-ट्रक की भीषण टक्कर।

    2. हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत।

    3. पांच अन्य गंभीर रूप से घायल, पटना रेफर।

    जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के पीरो थाना क्षेत्र अंतर्गत पीरो–बिहटा हाईवे पर तिवारीडीह ओवरब्रिज के समीप शनिवार की रात कार और ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर में कार सवार दो युवकों की मौत हो गई।

    जबकि अन्य पांच लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए पीरो अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें आरा सदर अस्पताल भेजा गया।

    आरा सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में पांचों घायलों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया।

    हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर आगे की कार्रवाई में जुट गई।

    दो युवकों की मौत

    ARA ROAD ACCIDENT (5)

    मृतक युवकों की फाइल फोटो।

    मृतकों में शाहपुर थाना क्षेत्र के गौड़ाढ़ गांव निवासी सुशील भट्ट के 27 वर्षीय पुत्र मनीष भट्ट और तरारी थाना क्षेत्र के बकसांडा गांव निवासी प्रियरंजन सिंह के 22 वर्षीय पुत्र लव कुमार शामिल हैं। मनीष के पिता सुशील भट्ट रेलवे से टेक्नीशियन–वन पद से सेवानिवृत्त हैं।

    पांच युवक घायल

    वहीं, घायलों में तरारी थाना क्षेत्र के बगसांडा गांव निवासी ददन सिंह के 22 वर्षीय पुत्र राजू कुमार, अशोक शर्मा के 22 वर्षीय पुत्र सोनू शर्मा, जनार्दन सिंह के 22 वर्षीय पुत्र आशीष कुमार, सतेंद्र सिंह के 21 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार एवं श्याम बिहारी शर्मा के 23 वर्षीय पुत्र हरी ओम शर्मा शामिल हैं।

    हादसे में घायल व मृतक सभी आपस में दोस्त बताए जाते हैं। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे का कारण सड़क पार कर रहे एक राहगीर को बचाने के प्रयास में कार का सतुलन बिगड़ना बताया जा रहा है। ‌

    बहन को बस स्टैंड पर गया था छोड़ने

    इधर, घटना की जानकारी देते हुए मृतक के पिता सुशील भट्ट ने बताया कि मनीष अपनी शादीशुदा बहन अंजनी कुमारी को उसके ससुराल जाने के लिए बस पर बैठाने के लिए पीरो बस स्टैंड आया हुआ था।

    खबरें और भी

    बहन को छोड़ने के बाद वह अपने दोस्तों के साथ कार से कहीं निकल गया और फोन पर अपनी मां को बताया कि आने में थोड़ा समय लगेगा। इसी बीच अन्य लोगों के माध्यम से हादसे की खबर मिली।

    वहीं, घायल हरी ओम ने बताया कि तिवारीडीह गांव में एक यज्ञ हो रहा था। उनके बकसांडा गांव में अगले साल यज्ञ कराने के लिए तिवारीडीह गांव से वे सभी लोग यज्ञ में माला डालने के लिए गए थे।

    उन्होंने बताया कि जैसे ही वे तिवारीडीह से बरात जाने के लिए बढ़ रहे थे, तभी रात के अंधेरे में एक व्यक्ति अचानक सड़क के बीच में आ गया। उसे बचाने के दौरान कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई।

    गांव वालों ने पहुंचाया अस्पताल

    कार मनीष भट्ट चला रहा था। हादसे के दौरान सभी की आंखें बंद हो गईं। जब होश आया तो देखा कि सभी लोग सड़क के इधर-उधर गिरे पड़े थे और किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा था। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया गया।

    मृतक मनीष भट्ट अपने परिवार में दो भाई संदीप व दीपक और एक बहन अंजनी कुमारी के बीच तीसरे स्थान पर था। उसके घर में मां बिमला देवी और बुजुर्ग पिता हैं।

    वहीं, मृतक लव कुमार अपने दो भाइयों पवन और आदर्श से बड़ा था। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और मां संगीता देवी समेत स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

    यह भी पढ़ें- बिहार में जयमाला देखने को उमड़ी भीड़, अचानक भरभरा कर गिरा छत का छज्जा; 2 लोगों की मौत और कई घायल