दशहरा-दीपावली-छठ पर घर लौटने वालों के लिए राहत, आरा के रास्ते चलेंगी 3 जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेनें; देखें डिटेल
त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने आरा जंक्शन से जबलपुर, कोटा और भोपाल के ...और पढ़ें

आरा के रास्ते चलेगी स्पेशल ट्रेनें। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
आरा जंक्शन से तीन जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेनें चलेंगी।
जबलपुर, कोटा, भोपाल के लिए होंगी ये विशेष ट्रेनें।
त्योहारी सीजन में यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत।
जागरण संवाददाता, आरा। दशहरा, दीपावली और छठ पूजा के मद्देनजर ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट के बीच रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है।
त्योहारी सीजन में परदेस से घर लौटने वाले यात्रियों की सुविधा को देखते हुए आरा जंक्शन होकर जबलपुर, कोटा और भोपाल के लिए तीन जोड़ी अतिरिक्त पूजा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया गया है।
रेलवे की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार गाड़ी संख्या 01667/01668 रानी कमलापति-दानापुर द्विसाप्ताहिक पूजा स्पेशल का परिचालन 13 अक्टूबर से 17 नवंबर तक किया जाएगा।
अक्टूबर और नवंबर में होगा पूजा स्पेशल ट्रेनो का परिचालन
यह ट्रेन प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को रानी कमलापति से 14:25 बजे खुलेगी। इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना और प्रयागराज छिवकी के रास्ते अगले दिन 05:10 बजे डीडीयू, 06:20 बजे बक्सर और 07:18 बजे आरा जंक्शन पहुंचेगी।
इसके बाद 08:45 बजे दानापुर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन बुधवार और शनिवार को दानापुर से 11:00 बजे खुलेगी और 11:35 बजे आरा जंक्शन पहुंचकर बक्सर व डीडीयू होते हुए अगले दिन 08:55 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी।
इसी तरह गाड़ी संख्या 09821/09822 सोगरिया (कोटा)-दानापुर पूजा स्पेशल का परिचालन 10 अक्टूबर से 14 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को होगा।
सोगरिया से यह ट्रेन 23:10 बजे खुलेगी और रुठियाई, गुना, दमोह, कटनी व प्रयागराज छिवकी के रास्ते अगले दिन 20:00 बजे डीडीयू, 21:30 बजे बक्सर और 22:25 बजे आरा जंक्शन पहुंचेगी।
यहां से 23:45 बजे दानापुर पहुंचेगी। वापसी में प्रत्येक सोमवार को दानापुर से 01:00 बजे ट्रेन खुलेगी और 01:45 बजे आरा पहुंचते हुए अगले दिन करीब 01:10 बजे सोगरिया पहुंचेगी।
जबलपुर-दानापुर के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन
वहीं गाड़ी संख्या 01701/01702 जबलपुर-दानापुर द्विसाप्ताहिक पूजा स्पेशल का परिचालन 14 अक्टूबर से 18 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को किया जाएगा।
जबलपुर से 19:35 बजे खुलने वाली ट्रेन कटनी, सतना और प्रयागराज छिवकी होते हुए अगले दिन 05:10 बजे डीडीयू, 06:20 बजे बक्सर और 07:18 बजे आरा जंक्शन और बाद 08:45 बजे दानापुर पहुंचेगी।
वापसी में गुरुवार और शनिवार को दानापुर से 11:00 बजे खुलेगी और 11:35 बजे आरा आएगी अगले दिन सुबह 04:15 बजे जबलपुर पहुंचेगी।
त्योहारी सीजन में इन तीन जोड़ी अतिरिक्त ट्रेनों के परिचालन से यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर मध्य प्रदेश, राजस्थान और बिहार के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। लंबी दूरी की नियमित ट्रेनों में बढ़ती वेटिंग के बीच पूजा स्पेशल ट्रेनों से अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होंगी।
