आरा जंक्शन का होगा कायाकल्प, सिक लाइन से दो नए प्लेटफार्म तक बड़ा विस्तार; पूरे परिसर में सीसीटीवी से बढ़ेगी सुरक्षा
पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने आरा जंक्शन पर सिक लाइन, आरपीएफ बैरक और अन्य विकास कार्यों का उद्घाटन किया। मालगोदाम हटने के बाद दो नए प ...और पढ़ें

आरा जक्शन पर सुरक्षा होगी मजबूत
HighLights
सिक लाइन से स्थानीय स्तर पर कोचों की जांच और मरम्मत।
मालगोदाम हटने पर दो नए प्लेटफॉर्म बनेंगे, क्षमता बढ़ेगी।
प्लेटफॉर्म ऊंचे होंगे, अस्पताल में पॉलीक्लिनिक, सीसीटीवी से सुरक्षा।
जागरण संवाददाता, आरा(भोजपुर)। आरा जंक्शन के विकास को लेकर रेलवे ने बड़ी पहल शुरू की है। पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने सोमवार को जंक्शन पहुंचकर सिक लाइन, रेलवे अस्पताल और आरपीएफ बैरक समेत विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया और कई कार्यों का उद्घाटन किया।
सुबह करीब 10 बजे परख सैलून से पहुंचे महाप्रबंधक का रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वागत किया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर विकास कार्यों का उद्घाटन किया गया।
सिक लाइन से स्थानीय स्तर पर होगी कोचों की जांच
महाप्रबंधक ने कहा कि आरा जंक्शन से वर्तमान में कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन हो रहा है। ट्रेनों की संख्या और परिचालन को देखते हुए कोचों के रखरखाव के लिए सिक लाइन तैयार की गई है।
अब ट्रेनों के कोचों की जांच और जरूरी मरम्मत का काम स्थानीय स्तर पर किया जा सकेगा। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले समय में आरा से और भी ट्रेनों के संचालन की योजना है। ऐसे में जंक्शन पर आधारभूत सुविधाओं का विस्तार रेलवे की प्राथमिकता है।
मालगोदाम हटेगा, उसकी जगह बनेंगे दो नए प्लेटफार्म
आरा जंक्शन के भविष्य के विस्तार को लेकर सबसे अहम योजना मालगोदाम को कुलहड़िया शिफ्ट करने की है। जंक्शन परिसर से मालगोदाम हटने के बाद खाली होने वाली जगह पर दो नए प्लेटफार्म विकसित किए जाएंगे।
खबरें और भी
इससे ट्रेनों के परिचालन की क्षमता बढ़ेगी और भविष्य में नई ट्रेनों के संचालन के लिए अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध होगी। मौजूदा ट्रेनों के परिचालन को भी अधिक व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।
प्लेटफार्म दो और तीन होंगे ऊंचे, यात्रियों को मिलेगी राहत
यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्लेटफार्म संख्या दो और तीन का ऊंचीकरण किया जाएगा। इससे यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने में सुविधा होगी।
खासकर बुजुर्ग, महिला और दिव्यांग यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। रेलवे की ओर से जंक्शन पर यात्रियों की सुविधा से जुड़े अन्य जरूरी कार्य भी किए जाने की बात कही गई है।
रेलवे अस्पताल में पॉलीक्लिनिक का प्रस्ताव
आरा जंक्शन पर बने रेलवे अस्पताल को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने की तैयारी है। महाप्रबंधक ने बताया कि अस्पताल में पॉलीक्लिनिक खोलने का प्रस्ताव दिया गया है।
इसके शुरू होने से रेलकर्मियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा स्थानीय स्तर पर मिल सकेगी और इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर जाने की जरूरत कम होगी। अस्पताल में जरूरी स्वास्थ्य सुविधाओं को विकसित करने पर भी रेलवे काम करेगा।
आरपीएफ बैरक से जवानों को मिलेगी बेहतर सुविधा
आरपीएफ कर्मियों के लिए तैयार नए बैरक का भी उद्घाटन किया गया। आरपीएफ इंस्पेक्टर दीपक कुमार के द्वारा बैरक का उद्घाटन कराया गया।
लंबे समय से सुरक्षा कर्मियों के लिए बेहतर आवासीय सुविधा की जरूरत महसूस की जा रही थी। नए बैरक के शुरू होने से आरपीएफ जवानों को सुविधा मिलेगी। महाप्रबंधक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आरपीएफ अधिकारियों से जानकारी भी ली।
पूरे जंक्शन पर सीसीटीवी की निगरानी, सुरक्षा होगी मजबूत
यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी रेलवे ने बड़ा कदम उठाने की तैयारी की है। आरा जंक्शन के सभी महत्वपूर्ण हिस्सों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
इससे स्टेशन परिसर की निगरानी मजबूत होगी और संदिग्ध गतिविधियों की पहचान आसान होगी। सीसीटीवी नेटवर्क से रेलवे सुरक्षा बल और रेल पुलिस को अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।
आने वाले दिनों में बढ़ेगी जंक्शन की क्षमता
आरा जंक्शन पर सिक लाइन, नए प्लेटफार्म, ऊंचे प्लेटफार्म, पॉलीक्लिनिक और सीसीटीवी जैसी सुविधाओं का विस्तार आने वाले समय में स्टेशन की क्षमता को बढ़ाएगा।
मालगोदाम को कुलहड़िया शिफ्ट कर दो नए प्लेटफार्म बनाने की योजना को भविष्य के रेल परिचालन के लिहाज से अहम माना जा रहा है। महाप्रबंधक के दौरे को आरा जंक्शन के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के तौर पर देखा जा रहा है।
इस दौरान हाजीपुर रेलवे जोन के सेक्रेटरी एसके सिंह, महानिरीक्षक अमरेश कुमार, दानापुर रेल मंडल के डीआरएम विनोद कुमार, वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त उदय सिंह पवार, रेलवे कॉरपोरेशन लिमिटेड के मनोज दुबे, आरपीएफ इंस्पेक्टर दीपक कुमार, स्टेशन प्रबंधक एनके राय, मनोज पांडेय समेत रेलवे के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।