दूध समझकर फिनाइल से बना ली चाय! नवगछिया कस्तूरबा स्कूल की 3 छात्राएं गंभीर; JLNMCH भागलपुर रेफर
Naugachia Kasturba Vidyalaya: नवगछिया के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में तीन छात्राओं ने दूध समझकर फिनाइल पी लिया, जिससे उनकी ...और पढ़ें

Naugachia Kasturba Vidyalaya: नवगछिया के कस्तूरबा आवासीय विद्यालय में तीन छात्राओं ने पीया फिनाइल, गंभीर हालत में JLNMCH रेफर
HighLights
कस्तूरबा स्कूल की तीन छात्राओं ने फिनाइल पीया।
दूध समझकर फिनाइल से चाय बनाई, हालत गंभीर।
भागलपुर रेफर, एसपी-डीईओ कर रहे हैं जांच।
संवाद सूत्र, नवगछिया (भागलपुर)। Naugachia Kasturba Vidyalaya: भागलपुर जिले के नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत गोपालपुर थाना क्षेत्र स्थित कस्तूरबा गांधी उच्च माध्यमिक आवासीय विद्यालय सैदपुर में सोमवार की शाम एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। आवासीय छात्रावास में रह रहीं तीन छात्राओं ने धोखे से फिनाइल पी लिया, जिससे उनकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी।
आनन-फानन में विद्यालय प्रशासन ने कर्मचारियों के सहयोग से तीनों छात्राओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोपालपुर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जेएलएनएमसीएच/मायागंज), भागलपुर रेफर कर दिया गया है।
गोपालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्तूरबा गांधी उच्च माध्यमिक आवासीय विद्यालय, सैदपुर में सोमवार शाम घटी घटना
रसोई में सफेद रंग के फिनाइल को दूध समझकर छात्राओं ने बनाई चाय, पीते ही बिगड़ी तबीयत
कक्षा 10 की नैना कुमारी, मनीषा कुमारी और नौवीं की ब्यूटी कुमारी गंभीर हालत में जेएलएनएमसीएच (मायागंज) रेफर
लापरवाही की जांच के लिए नवगछिया एसपी वैभव शर्मा, डीएसपी व डीईओ पहुंचे; ग्लास में फिनाइल रखने पर पूछताछ जारी
अस्पताल में भर्ती छात्राओं की पहचान गोपालपुर प्रखंड के डुमरिया गांव निवासी सुमित मंडल की पुत्री नैना कुमारी और संजय मंडल की पुत्री मनीषा कुमारी (दोनों 10वीं कक्षा की छात्राएं) तथा इस्माईलपुर प्रखंड के इस्माईलपुर गांव निवासी मुकेश मंडल की पुत्री ब्यूटी कुमारी (9वीं कक्षा की छात्रा) के रूप में हुई है। तीनों छात्राओं की स्थिति फिलहाल चिंताजनक बनी हुई है और वे चिकित्सकों की सघन निगरानी में हैं।
दूध का धोखा: फिनाइल की चाय बनाकर पी ली
घटना की पृष्ठभूमि को लेकर स्कूल की वार्डन शीला कुमारी ने बताया कि छात्राएं आवासीय छात्रावास में थीं। सोमवार की शाम तीनों छात्राएं अचानक स्कूल के रसोई घर में गईं। वहां एक ग्लास में सफेद रंग का लिक्विड फिनाइल रखा हुआ था। छात्राओं ने उस सफेद तरल को दूध समझ लिया और उसी से चाय तैयार कर ली।
चाय की चुस्की लेते ही छात्राओं को असहज महसूस हुआ और देखते ही देखते तीनों की तबीयत बुरी तरह बिगड़ गई। छात्राओं के अचेत होने और उल्टी करने की शिकायत पर छात्रावास में अफरातफरी मच गई। विद्यालय कर्मियों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को अनहोनी की सूचना दी।
एसपी और डीईओ ने संभाला मोर्चा, लापरवाही पर जांच शुरू
रसोई घर के भीतर ग्लास में जहरीला फिनाइल रखे होने की इस घोर लापरवाही ने प्रशासनिक हलके में हड़कंप मचा दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही भागलपुर के जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) चंदन कुमार ने विद्यालय संचालक रमेश प्रसाद यादव से दूरभाष पर घटना की पूरी जानकारी ली और जवाब-तलब किया।
उधर, घटना की गंभीरता को देखते हुए नवगछिया के पुलिस अधीक्षक (एसपी) वैभव शर्मा, पुलिस लाइन डीएसपी नगीना पासवान और गोपालपुर थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने हॉस्टल और किचन का मुआयना किया।
पुलिस इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि किचन में इस्तेमाल होने वाले ग्लास में रासायनिक फिनाइल क्यों और किसकी लापरवाही से रखा गया था। दोषी कर्मियों और जिम्मेदारों के विरुद्ध प्रशासनिक व कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
