नवगछिया रेलखंड : मालगाड़ी पर पथराव के बाद अलर्ट मोड में RPF; अवध असम एक्सप्रेस से गिरकर अज्ञात यात्री की मौत
नवगछिया रेलखंड पर दो बड़ी घटनाएं सामने आईं: मालगाड़ी पर पथराव और अवध असम एक्सप्रेस से गिरकर एक अज्ञात यात्री की मौत। पथराव के बाद आरपीएफ अलर्ट पर है औ ...और पढ़ें

रेल क्राइम।
HighLights
मालगाड़ी पर पथराव, लोको पायलट बाल-बाल बचे।
अवध असम एक्सप्रेस से गिरकर अज्ञात यात्री की मौत।
आरपीएफ ने सुरक्षा बढ़ाई, जवानों को दिए निर्देश।
संवाद सूत्र, नवगछिया (भागलपुर)। कटिहार-बरौनी रेलखंड पर लगातार दो बड़ी रेल घटनाएं सामने आई हैं। एक ओर जहां कटिहार से सेमापुर रेलवे स्टेशन के बीच बरौनी की ओर जा रही मालगाड़ी के इंजन पर एक विक्षिप्त व्यक्ति ने अचानक पथराव कर दिया, वहीं दूसरी ओर चलती अवध असम एक्सप्रेस से गिरकर एक 26 वर्षीय अज्ञात यात्री की दर्दनाक मौत हो गई।
मालगाड़ी पर हुए पथराव में ट्रेन के लोको पायलट बाल-बाल बच गए। सूचना मिलते ही नवगछिया आरपीएफ (RPF) पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और इलाके में आरोपी की तलाश की।
RPF आउटपोस्ट पर सुरक्षा सम्मेलन
पथराव की घटना के बाद नवगछिया आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी के नेतृत्व में आरपीएफ आउटपोस्ट सेमापुर में एक विशेष सुरक्षा सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में जवानों को ट्रेनों पर पथराव रोकने, अकारण चेन पुलिंग (ACP) करने वालों की गिरफ्तारी करने, रेल संपत्ति की चोरी (TOPB), नशाखोरी (जहरखुरानी) और शराब तस्करी पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
जवानों को अनुशासन और कड़ाई के निर्देश
प्रभारी ने जवानों को अपना आचरण सही रखने, किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार से दूर रहने और सोशल मीडिया के संयमित इस्तेमाल की सख्त ताकीद की, ताकि बल की छवि धूमिल न हो।
अवध असम एक्सप्रेस से गिरकर युवक की मौत
उधर, बरौनी-कटिहार रेलखंड पर लालगढ़ से डिब्रूगढ़ जाने वाली अवध असम एक्सप्रेस से गिरकर एक 26 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। नवगछिया जीआरपी थाना अध्यक्ष अरुण कुमार चौधरी ने बताया कि RPF और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत रंगरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में भागलपुर के मायागंज अस्पताल (JLNMCH) रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।
खबरें और भी
पहचान की कोशिश जारी
मृतक के पास से छपरा से सिलीगुड़ी का रेल टिकट बरामद हुआ है। जीआरपी ने शव का पोस्टमार्टम कराकर पहचान के लिए 72 घंटे तक सुरक्षित रखवाया है और आसपास के रेल मंडलों को सूचना भेज दी है।