विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मालदा रेल मंडल ने रचा इतिहास! पहली छमाही में कमाए 308 करोड़ रुपये, टिकट चेकिंग और यात्री आय में 85% का भारी उछाल

Published: Thu, 08 Oct 2026 10:32 AM (IST)

मालदा रेल मंडल ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में 308.62 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड यात्री आय दर्ज की ...और पढ़ें

मालदा रेल मंडल की बंपर कमाई! 6 महीने में 2.14 करोड़ यात्रियों ने किया सफर, टिकट जांच आय में 85 प्रतिशत की वृद्धि। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

मालदा रेल मंडल की बंपर कमाई! 6 महीने में 2.14 करोड़ यात्रियों ने किया सफर, टिकट जांच आय में 85 प्रतिशत की वृद्धि। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

HighLights

  1. पहली छमाही में 308.62 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड यात्री आय।

  2. यात्री यातायात में 8.50% और आय में 14.54% की वृद्धि।

  3. टिकट चेकिंग राजस्व में 85% का भारी उछाल दर्ज किया गया।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने बेहतर यात्री सुविधाएं, उन्नत परिचालन प्रबंधन और पारदर्शी वाणिज्यिक नीतियों के बलबूते वित्तीय मोर्चे पर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) कार्तिक सिंह के प्रभावी पर्यवेक्षण में मालदा मंडल ने चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली छमाही (अप्रैल से सितंबर 2026) के दौरान राजस्व और यात्री यातायात दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है।

वाणिज्य विभाग की सक्रियता के परिणामस्वरूप चालू वित्तीय वर्ष के पहले छह महीनों में मालदा मंडल से यात्रा करने वाले मुसाफिरों का आंकड़ा 2.14 करोड़ के पार पहुंच गया। इससे मंडल को 308.62 करोड़ रुपये की शानदार यात्री आय प्राप्त हुई। पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि की तुलना में यह यात्री यातायात में 8.50 प्रतिशत और यात्री आय में 14.54 प्रतिशत की मजबूत बढ़ोतरी को दर्शाता है।

अकेले सितंबर में 52.09 करोड़ का यात्री राजस्व

मासिक आंकड़ों पर नजर डालें तो सितंबर 2026 में मालदा मंडल ने लगभग 32.37 लाख यात्रियों को सुरक्षित एवं समयबद्ध रेल सेवा उपलब्ध कराई। इसके जरिए मंडल को 52.09 करोड़ रुपये की यात्री आय अर्जित हुई। पिछले वर्ष इसी माह में लगभग 29 लाख यात्रियों से 42.68 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था, जिसके मुकाबले इस बार का प्रदर्शन बेहद प्रभावी रहा है।

टिकट चेकिंग में रिकॉर्ड 85% का उछाल

ट्रेनों और स्टेशनों पर बिना टिकट व अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ चलाए गए सघन अभियान का सीधा असर राजस्व पर दिखा है। चालू वित्तीय वर्ष की पहली छमाही में टिकट जांच के माध्यम से कुल संचयी आय 12.73 करोड़ रुपये तक पहुंच गई, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि में जुटाए गए 6.88 करोड़ रुपये की तुलना में 85 प्रतिशत अधिक है।

12.73 करोड़ की वसूली

अकेले सितंबर 2026 में टिकट जांच दलों ने 1.52 करोड़ रुपये का जुर्माना व किराया वसूला, जो पिछले वर्ष के इसी महीने के मुकाबले 113 प्रतिशत अधिक है और रेलवे द्वारा निर्धारित मासिक लक्ष्य से भी 7.52 प्रतिशत ज्यादा है।

गैर-किराया और पार्किंग से भी हुई मजबूत कमाई

यात्री किराए के अतिरिक्त अन्य वाणिज्यिक स्रोतों से भी मंडल की तिजोरी मजबूत हुई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में अन्य कोचिंग आय 18.91 करोड़ रुपये दर्ज की गई, जो पिछले वर्ष से 21.76 प्रतिशत और तय लक्ष्य से 17.39 प्रतिशत अधिक है।

वहीं, वाणिज्यिक विविध आय के तहत कुल 6.99 करोड़ रुपये अर्जित किए गए, जिसमें स्टेशन पार्किंग शुल्क से 2.91 करोड़ रुपये, पे एंड यूज शौचालयों से 0.68 करोड़ रुपये और गैर-किराया राजस्व के विभिन्न मदों से आय शामिल है। उन्नत रेल प्रबंधन और यात्री-केंद्रित कार्यशैली से मालदा मंडल निरंतर नए आयाम छू रहा है।