विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का असर, बिहार में 28 से 31 अक्टूबर तक बारिश; 29 को आंधी-वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट

Published: Mon, 26 Oct 2026 05:59 AM (IST)

Bihar Weather Orange Alert: बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती सिस्टम के कारण बिहार में 28 से 31 अक्टूबर ...और पढ़ें

Bihar Weather Orange Alert: आसमान में उमड़ते घने काले बादलों के बीच चक्रवाती सिस्टम का संकेत।

Bihar Weather Orange Alert: आसमान में उमड़ते घने काले बादलों के बीच चक्रवाती सिस्टम का संकेत।

HighLights

  1. बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती सिस्टम सक्रिय हो रहा है।

  2. बिहार में 28 से 31 अक्टूबर तक बारिश की संभावना है।

  3. 29 अक्टूबर को आंधी-वज्रपात के लिए ऑरेंज अलर्ट।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bihar Weather Orange Alert: बंगाल की खाड़ी में तेजी से ताकतवर हो रहा चक्रवाती सिस्टम भागलपुर सहित पूरे बिहार के मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने जा रहा है। चक्रवात के प्रभाव से 28 अक्टूबर से राज्यभर में बादलों की सक्रियता और वर्षा की गतिविधियां बढ़ेंगी। मौसम विज्ञान केंद्र ने 29 अक्टूबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक, वज्रपात और तेज झोंके वाली हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विज्ञानी अनुपम नाहर के पूर्वानुमान के अनुसार, 28 से 31 अक्टूबर के बीच राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज हो सकती है। इस मौसमी बदलाव के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और दिन के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट की संभावना है, जिससे मौसम में ठंडक घुल जाएगी।

गहरे अवदाब में बदला सिस्टम, 28 को आंध्र तट पर लैंडफॉल

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पूर्व-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब 25 अक्टूबर की सुबह गहरे अवदाब (डीप डिप्रेशन) में तब्दील हो चुका है। यह प्रणाली 15.1 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 91.0 डिग्री पूर्वी देशांतर के आसपास केंद्रित है। इसके 26 अक्टूबर की सुबह तक सामान्य चक्रवाती तूफान, 27 अक्टूबर की सुबह तक 'गंभीर चक्रवाती तूफान' और 28 अक्टूबर की सुबह तक 'अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान' (Extremely Severe Cyclonic Storm) का रूप लेने के प्रबल आसार हैं।

पूर्वानुमान के मुताबिक, यह समुद्री तूफान 28 अक्टूबर की पूर्वाह्न में बापटला और विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश एवं यानम तट को पार करेगा। तट पार करते समय वहां हवा की रफ्तार 115 से 125 किमी प्रति घंटे और झोंकों में 140 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। हालांकि, यह विध्वंसक गति केवल तटीय इलाकों तक सीमित रहेगी; बिहार में इसका असर नमी वाली पुरवैया हवाओं, बारिश और आंधी के रूप में नजर आएगा।

28 से शुरू होगी बारिश, 29 को ठनका गिरने का बड़ा खतरा

चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से 25 से 27 अक्टूबर तक भागलपुर और आसपास के जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। इसके बाद 28 अक्टूबर से मौसमी हवाओं का रुख बदलेगा और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश शुरू होगी। 29 अक्टूबर को अनेक स्थानों पर वर्षा के साथ मेघगर्जन और आकाशीय बिजली (ठनका) गिरने का गंभीर खतरा रहेगा, जिसको देखते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

इसके बाद 30 अक्टूबर को अधिकांश स्थानों पर तथा 31 अक्टूबर को भी अनेक जगहों पर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। 28 अक्टूबर से बारिश की फुहारों के साथ अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट शुरू हो जाएगी, जिससे शाम और सुबह के वक्त अच्छी-खासी सिहरन महसूस होगी।

अलर्ट पर नजर रखने की सलाह, सावधानी बरतें किसान

मौसम विज्ञानियों ने चेतावनी दी है कि चक्रवाती प्रणालियों के मार्ग और तीव्रता में स्थानीय स्तर पर बदलाव आ सकता है, इसलिए संबंधित जिलों की स्थिति के अनुसार अलर्ट स्तर में संशोधन संभव है। किसानों और आम लोगों को मौसम विभाग के दैनिक बुलेटिन और मेघदूत/दामिनी ऐप पर लगातार नजर रखने की सलाह दी गई है। खुले खेतों में काम करने वाले किसानों को 29 अक्टूबर को खराब मौसम के दौरान पेड़ों या खुले स्थानों के बजाय पक्के मकानों में शरण लेने की अपील की गई है।

यह भी पढ़ें- बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवात 'अर्नब'! दीपावली से पहले बिहार में भारी बारिश की आशंका, अक्टूबर अंत में रहें सतर्क