बिहार में शिक्षक भर्ती TRE-4 की प्रक्रिया तेज; माध्यमिक और उच्च माध्यमिक के विषयवार रिक्त पदों की रिपोर्ट तलब
शिक्षा विभाग ने बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा के चौथे चरण (TRE-4) की तैयारियां तेज कर दी हैं। माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में विषयवार रिक्ति ...और पढ़ें

शिक्षा विभाग ने सभी डीईओ को दिया निर्देश, दो दिनों के भीतर मांगी आरक्षण समायोजन के बाद बची विषयवार सीटों की सूची
HighLights
शिक्षा विभाग ने TRE-4 की तैयारियां तेज कीं।
माध्यमिक, उच्च माध्यमिक रिक्तियों का नया ब्योरा मांगा।
दो दिनों में रिपोर्ट, पदों में वृद्धि की उम्मीद।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा के चौथे चरण (TRE-4) को लेकर शिक्षा विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। भागलपुर जिले से पूर्व में ही 520 शिक्षक पदों की अधियाचना भेजी जा चुकी है। अब शिक्षा विभाग ने टीआरई-3 (TRE-3) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद माध्यमिक (कक्षा 9वीं-10वीं) और उच्च माध्यमिक (कक्षा 11वीं-12वीं) विद्यालयों में आरक्षण रोस्टर समायोजन के बाद बची विषयवार रिक्तियों का नया ब्योरा मांगा है।
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में भागलपुर सहित सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों (DEO) को सख्त निर्देश जारी किए हैं।
दो दिनों के अंदर निदेशालय को भेजनी होगी रिपोर्ट
निदेशालय द्वारा जारी पत्र के अनुसार, सभी जिलों को कक्षा नौवीं से दसवीं तथा 11वीं से 12वीं के विद्यालय अध्यापकों के रिक्त पदों का विषयवार और श्रेणीवार विवरण तैयार कर अगले दो दिनों के भीतर हर हाल में निदेशालय को उपलब्ध कराने को कहा गया है।
इस रिपोर्ट का संकलन करने के बाद शिक्षा विभाग द्वारा बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को टीआरई-4 के लिए अंतिम अधियाचना भेजने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। माना जा रहा है कि नई रिक्ति सूची जुड़ने से पदों की कुल संख्या में और इजाफा हो सकता है।
भागलपुर से पहले भेजी जा चुकी है 520 पदों की अधियाचना
उल्लेखनीय है कि भागलपुर जिले से टीआरई-4 परीक्षा के लिए पहले ही प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक तक कुल 520 शिक्षक पदों का खाका तैयार कर विभाग को भेजा जा चुका है।
खबरें और भी
पूर्व में भेजी गई अधियाचना का विवरण इस प्रकार है:
कक्षा 6ठीं से 8वीं (प्रारंभिक): 195 पद
कक्षा 9वीं से 10वीं (माध्यमिक): 99 पद
कक्षा 11वीं से 12वीं (उच्च माध्यमिक): 226 पद
कुल पद: 520 पद
टीआरई-3 के समायोजन के बाद स्पष्ट होगी अंतिम तस्वीर
शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, टीआरई-3 के तहत हुई नियुक्तियों के बाद कई स्कूलों में पद खाली रह गए हैं, जबकि कुछ विषयों में रोस्टर समायोजन की आवश्यकता थी। दो दिनों में मिलने वाली नई रिपोर्ट के बाद यह पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगा कि किस विषय में शिक्षकों के कितने पद खाली हैं।
इसके बाद बीपीएससी द्वारा विज्ञापन जारी कर आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। शिक्षा विभाग के इस कदम से शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे जिले के हजारों अभ्यर्थियों में एक बार फिर उम्मीदें जग गई हैं।