विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में सियासी फेरबदल: पप्पू यादव के सामने JDU के पूर्व विधायक गोपाल मंडल कांग्रेस में शामिल; 4 बार रहे हैं MLA

Published: Thu, 20 Aug 2026 05:41 PM (GMT+05:30)

गोपालपुर के पूर्व जदयू विधायक गोपाल मंडल ने पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की मौजूदगी में कांग्रेस का दामन थाम लिया। ...और पढ़ें

HighLights

  1. पूर्व जदयू विधायक गोपाल मंडल कांग्रेस में शामिल हुए।

  2. पप्पू यादव की उपस्थिति में कांग्रेस की सदस्यता ली।

  3. भागलपुर, सीमांचल में राजनीतिक समीकरण बदलने की संभावना।

डिजिटल डेस्क, भागलपुर। बिहार की सियासत में एक बार फिर बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिला है। अपने बयानों और बेबाक अंदाज के लिए हमेशा चर्चा में रहने वाले भागलपुर के गोपालपुर से चार बार विधायक रहे नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल ने जनता दल यूनाइटेड (JDU) छोड़ कांग्रेस का दामन थाम लिया है।

पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की मौजूदगी में गोपाल मंडल ने विधिवत रूप से कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सोशल मीडिया पर उनके सदस्यता ग्रहण का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं, उनके इस फैसले पर उनके बेटे आशीष कुमार की पहली प्रतिक्रिया भी सामने आई है।

bihar politics ex jdu mla gopal mandal joins congress (1)

बेटे आशीष बोले- मैदान बदला है, संघर्ष का तरीका नहीं

पिता के कांग्रेस में शामिल होने के बाद गोपाल मंडल के पुत्र आशीष कुमार ने कहा कि उनके पिताजी ने अपने जीवन के 40 से अधिक वर्ष निस्वार्थ भाव से जनता की सेवा में समर्पित किए हैं। जनता ने भी उन्हें लगातार प्यार, सम्मान और अटूट विश्वास दिया है। कई राजनीतिक उतार-चढ़ाव आए, लेकिन उन्होंने कभी जनसेवा का रास्ता नहीं छोड़ा।

आशीष ने कहा, "नीतीश कुमार जी के साथ उनका रिश्ता और राजनीतिक सफर बहुत पुराना रहा है। समता पार्टी के गठन से पहले से ही पिताजी ने नीतीश जी का साथ दिया और हर कठिन परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहे। टिकट कटने के बावजूद उन्होंने उम्मीद नहीं छोड़ी थी। आज उन्होंने कांग्रेस का हाथ थामा है—मैदान जरूर बदला है, लेकिन जनसेवा और संघर्ष का तरीका नहीं बदलेगा। गरीब, असहाय और जरूरतमंदों के हक की आवाज उठाना ही उनकी असली पहचान रही है और आगे भी वे मजबूती से जनता के साथ खड़े रहेंगे।"

JDU से 4 बार रहे विधायक, 2025 में कटा था टिकट

गोपाल मंडल गोपालपुर विधानसभा सीट से लगातार चार बार (2005 से 2020 तक) जेडीयू के टिकट पर चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। हालांकि, साल 2025 के विधानसभा चुनाव में जेडीयू द्वारा टिकट काटे जाने के बाद से ही वे नाराज चल रहे थे और उनके तेवर बागी हो गए थे।

अंग और सीमांचल में नए राजनीतिक समीकरण

पूर्व विधायक गोपाल मंडल अपनी बेबाक टिप्पणियों, आक्रामक बयानों और हरकतों को लेकर अक्सर सुर्खियों में बने रहते हैं। अब सांसद पप्पू यादव के साथ उनकी नई सियासी जुगलबंदी से भागलपुर, नवगछिया और सीमांचल क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों में नए बदलाव देखने को मिल सकते हैं।