बिहार में आकाशीय बिजली का कहर, पिता-पुत्र समेत 8 लोगों की मौत; कई झुलसे
बिहार में वज्रपात की चपेट में आने से पिता-पुत्र सहित आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए। ...और पढ़ें

अस्पताल में रोते-बिलखते परिजन। (जागरण)
HighLights
बिहार में वज्रपात से आठ लोगों की मौत हुई।
बांका में पिता-पुत्र सहित छह लोगों ने जान गंवाई।
जमुई और कटिहार में भी एक-एक व्यक्ति की मौत।
जागरण टीम, भागलपुर। बिहार में अलग-अलग स्थानों पर वज्रपात की चपेट में आने से पिता-पुत्र सहित आठ लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में बांका जिले के छह, जमुई के एक और कटिहार जिले के एक-एक व्यक्ति शामिल हैं। बांका जिले में आकाशीय बिजली की चपेट में आने वाले सभी छह लोग धान की रोपनी कर रहे थे।
इसके अलावा आकाशीय बिजली की चपेट में आने से बांका जिले में चार और अमरपुर में दो अन्य झुलस गए।
ठनका ने ले ली पिता-पुत्र सहित आधा दर्जन लोगों की जान
लंबे इंतजार के बाद रविवार को हुई बारिश जिले के कई परिवारों के लिए मातम बनकर आई। बांका थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से पिता-पुत्र समेत छह लोगों की मौत हो गई।
ओढ़नी थाना क्षेत्र के खावा गांव में धान की रोपनी कर रहे ब्रह्मदेव यादव और उनके छह वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे पहुंचे थे। तभी ठनका गिरने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
दूसरी घटना गोलाहू गांव में हुई, जहां रोपनी के दौरान इनोद यादव की मौत हो गई। वहीं डाढ़ा पंचायत के लीलावरण गांव में खेत में काम कर रही सरिता देवी भी वज्रपात की चपेट में आ गईं और उनकी जान चली गई। इसके अलावा बाराहाट व अमरपुर में भी एक-एक की मौत हुई है।
वज्रपात की चपेट में आने से बालक की मौत
प्रखंड क्षेत्र की बैरिया पंचायत अंतर्गत सोलकंधा गांव में रविवार को वज्रपात की चपेट में आने से 14 वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृतक के स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
खबरें और भी
मृतक की पहचान सोलकंधा गांव निवासी दीपक सिंह के 14 वर्षीय पुत्र लक्ष्मण कुमार सिंह के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार लक्ष्मण रविवार को घर के समीप डाबलू चौक के पास स्थित खेत में शौच के लिए गया था।
इसी दौरान अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और तेज गरज के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से वह उसकी चपेट में आ गया। वज्रपात इतना तेज था कि उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
वज्रपात की चपेट में आकर टोला सेवक की मौत
चकाई थाना क्षेत्र की परांची पंचायत अंतर्गत कोकहरा गांव में रविवार की दोपहर वज्रपात की चपेट में आने से टोला सेवक प्रकाश तुरी (47) की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गुड़िया देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, रविवार की दोपहर पति-पत्नी घर के समीप बांस की झाड़ी के पास पत्ता तोड़ने गए थे।
इसी दौरान अचानक तेज गर्जन के साथ वज्रपात हुआ। इसकी चपेट में आने से प्रकाश तुरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से झुलस गईं।
ग्रामीणों की मदद से दोनों को तत्काल चकाई रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद प्रकाश तुरी को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, प्राथमिक उपचार के बाद गुड़िया देवी को बेहतर इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
यह भी पढ़ें- नवादा में बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े लोगों पर गिरी आकाशीय बिजली, 4 लोगों की मौत