Bihar Weather: हवा की खामोशी दे रही तूफान का संकेत, भागलपुर में आंधी-बारिश और वज्रपात के आसार
भागलपुर में पिछले दो दिनों से भीषण उमस और गर्मी ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है, पंखे भी राहत नहीं दे रहे हैं। मौसम विभाग ने सोमवार को तेज आंधी, गर्ज ...और पढ़ें

Bhagalpur Rain Alert: हवा हुई शांत, आज आंधी-बारिश के साथ बदल सकता है मौसम
HighLights
भागलपुर में दो दिन से भीषण उमस और गर्मी का प्रकोप
पंखे भी राहत नहीं दे रहे, लोगों की बेचैनी बढ़ी
सोमवार को तेज आंधी, बारिश और वज्रपात के आसार
जागरण संवाददाता, भागलपुर। भागलपुर में पिछले दो दिनों से भीषण उमस और चिपचिपी गर्मी ने लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। हवा की खामोशी और आसमान से बरस रही तेज धूप के कारण लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है।
शनिवार और रविवार को शहर में गर्मी का असर पूरे दिन देखने को मिला। सुबह से ही तेज धूप लोगों की दिनचर्या बिगाड़ रही है। दोपहर होते-होते सड़कें सूनी नजर आने लगीं। बहुत जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं।
पंखे की हवा भी नहीं दे रही राहत
भीषण उमस के कारण घरों के भीतर भी लोगों को राहत नहीं मिल रही है। पंखे की हवा भी गर्म महसूस हो रही है, जिससे बेचैनी लगातार बढ़ रही है।
लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों की तुलना में उमस काफी ज्यादा बढ़ गई है। शरीर से निकलने वाला पसीना सूख नहीं रहा, जिससे गर्मी और अधिक महसूस हो रही है।
मौसम विभाग ने जताई आंधी-बारिश की संभावना
भारत मौसम विज्ञान विभाग, भागलपुर केंद्र के विज्ञानी रोहित अमन ने बताया कि हवा का लगभग शांत हो जाना मौसम में बड़े बदलाव का संकेत है।
उन्होंने कहा कि मौसमी परिस्थितियों को देखते हुए सोमवार को मौसम करवट ले सकता है। स्थानीय स्तर पर कन्वेक्टिव सेल विकसित होने की संभावना है, जिसके कारण तेज आंधी, गर्जन और वज्रपात के साथ बारिश हो सकती है।
बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी बढ़ा रही परेशानी
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार वर्तमान में भारी उमस का मुख्य कारण बंगाल की खाड़ी से आने वाली अत्यधिक नमी और तेज धूप है।
हवा में नमी की मात्रा इतनी अधिक है कि शरीर से निकलने वाला पसीना सूख नहीं पा रहा है। यही वजह है कि वास्तविक तापमान से कहीं ज्यादा गर्मी महसूस हो रही है।
हवा की रफ्तार थमने से बढ़ी बेचैनी
विशेषज्ञों का कहना है कि वायुदाब कम होने के कारण हवा की गति लगभग थम गई है। इसे वायुमंडल में ऊर्जा के संचय का संकेत माना जा रहा है।
अक्सर ऐसी स्थिति में शाम या रात के समय अचानक तेज आंधी और बारिश की संभावना बढ़ जाती है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
जानिए रविवार का तापमान
रविवार को भागलपुर का अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
आर्द्रता 74 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई। वहीं हवा की औसत गति मात्र तीन किलोमीटर प्रति घंटा रही। मौसम विभाग के अनुसार हवा की दिशा दक्षिण-पूर्वी थी।
मौसम विभाग का मानना है कि अगले 24 घंटे के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।