भागलपुर के विक्रमशिला सेतु पर 15 KM लंबा महाजाम, 12 घंटे रेंगती रहीं गाड़ियां; यात्रा से पहले स्टेटस चेक कर लें
भागलपुर के विक्रमशिला सेतु पर रविवार को 15 किलोमीटर लंबा महाजाम लग गया, जिससे 12 घंटे से अधिक समय तक गाड़ियां रेंगती रहीं। श्रावणी मेला और पुलिस बल की ...और पढ़ें

रविवार सुबह 10 बजे से नवगछिया से जीरोमाइल के बीच लगा महाजाम देर रात तक रहा जारी, गाड़ियों की लगीं लंबी कतारें
HighLights
विक्रमशिला सेतु पर 15 किलोमीटर लंबा महाजाम, 12 घंटे तक।
श्रावणी मेला, पुलिस बल की कमी से यातायात चरमराया।
हजारों यात्री भीषण गर्मी, बारिश में फंसे, परेशान हुए।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। भागलपुर की जीवन रेखा कहे जाने वाले विक्रमशिला सेतु और उसके पहुंच पथ पर रविवार को यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई। सुबह 10 बजे से शुरू हुआ महाजाम देर रात तक बदस्तूर जारी रहा। नवगछिया से लेकर भागलपुर के जीरोमाइल तक करीब 15 किलोमीटर के लंबे दायरे में गाड़ियां रेंगती नजर आईं।
भीषण उमस के बीच जाम में फंसे हजारों राहगीरों की परेशानी उस समय और बढ़ गई, जब शाम के समय अचानक मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। महाजाम में फंसे लोग वाहनों के भीतर और बाइक सवार खुले आसमान के नीचे बारिश में भीगने को मजबूर रहे।
20 मिनट का सफर तय करने में लगे ढाई घंटे
12 घंटे से भी अधिक समय तक रहे इस भीषण जाम के दौरान नवगछिया से भागलपुर के बीच परिचालन व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर गई। पुलिस द्वारा दोनों दिशाओं से बारी-बारी से वाहनों को निकाला जा रहा था, जिसके कारण मात्र 20 मिनट की दूरी तय करने में गाड़ियों को दो से ढाई घंटे का समय लग रहा था।
कई जिलों के यात्री परेशान
जाम में पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, खगड़िया, सहरसा, बेगूसराय और पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी की ओर से आने वाले हजारों यात्री, मरीज और व्यावसायिक वाहन चालक भूख-प्यास और उमस से तड़पते रहे।
कांवड़िया वाहनों का अतिरिक्त दबाव
श्रावणी मेला शुरू होने के साथ ही विक्रमशिला सेतु पर यात्री और कांवड़िया वाहनों का अतिरिक्त दबाव तीन गुना तक बढ़ गया है। वहीं, जिला प्रशासन का पूरा ध्यान सुल्तानगंज के अजगैवीनाथ धाम मेला क्षेत्र पर केंद्रित हो जाने के कारण ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई है।
खबरें और भी
अजगैवीनाथ धाम में पुलिस की तैनाती बनी वजह
यातायात पुलिस के अधिकांश अधिकारियों और जवानों की ड्यूटी मेला क्षेत्र में लगा दिए जाने से भागलपुर शहर और विक्रमशिला सेतु जैसे महत्वपूर्ण मार्ग पर पुलिस बल की भारी कमी हो गई है। सड़क पर पर्याप्त पुलिसकर्मी न होने से वाहन चालक ओवरटेक करने लगे, जिससे स्थिति बेकाबू हो गई।
वाहनों का दबाव बढ़ने से पैदा हुई समस्या: ट्रैफिक डीएसपी
मामले को लेकर ट्रैफिक डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि सामान्य दिनों की तुलना में रविवार को विक्रमशिला सेतु पर वाहनों की संख्या दो से तीन गुनी अधिक बढ़ गई थी। गाड़ियों के अचानक बढ़े दबाव और ओवरटेकिंग के कारण यातायात बाधित हुआ है। सेतु पर यातायात को सामान्य कराने के लिए अतिरिक्त बल भेजकर प्रयास किए जा रहे हैं।