पटना को मंजूरी, भागलपुर को आज भी इंतजार; अंडरग्राउंड बिजली तार बिछाने की योजना फाइलों में दबी
भागलपुर में 11 और 33 हजार वोल्ट के तारों को अंडरग्राउंड बिछाने की 301.58 करोड़ रुपये की योजना फाइलों में दबी है। पिछले साल प्राक्कलन भेजने के बावजूद प ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, भागलपुर। भागलपुर शहरी क्षेत्र में 11 और 33 हजार वोल्ट के तारों को अंडरग्राउंड बिछाने की योजना फाइलों में दब गई है। पिछले साल अगस्त में सरकार ने भागलपुर सहित पटना, मुजफ्फरपुर और गया में अंडरग्राउंड तार बिछाने के लिए प्राक्कलन मांगा था।
भागलपुर में 355 किलोमीटर तारों को अंडरग्राउंड करने के लिए 301.58 करोड़ रुपये का प्राक्कलन भेजा गया था। विधानसभा चुनाव के बाद पटना को योजना की मंजूरी मिल गई, लेकिन भागलपुर में अभी तक मंजूरी नहीं मिली है।
इस वित्तीय वर्ष में योजना को मंजूरी मिलने की उम्मीद थी, लेकिन अब इसमें देरी हो रही है। बिजली विभाग ने 2027 तक परियोजना को पूरा करने का लक्ष्य रखा था, लेकिन अब यह संभावना कम होती जा रही है। अंडरग्राउंड तारों के बिछने से सड़कों से बिजली के पोल हट जाएंगे, जिससे सड़कों की चौड़ाई बढ़ेगी और यातायात सुगम होगा।
इस परियोजना में 178 किलोमीटर 33 हजार वोल्ट और 177 किलोमीटर 11 हजार वोल्ट तार शामिल हैं। इसके अलावा, रेलवे क्रॉसिंग और राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी तारों को अंडरग्राउंड किया जाएगा। विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार, संबंधित डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) मुख्यालय भेजी जा चुकी है।
साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के अधीक्षण अभियंता संजय कुमार बोरिया ने बताया कि दूसरे फेज में भागलपुर में योजना को मंजूरी मिलने की उम्मीद है। डीपीआर की मंजूरी के बाद इस पर काम शुरू किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- भारतीय पर्यटकों-व्यापारियों को झटका: बाइक-कार पर लगेगा शुल्क, नेपाल सरकार ने जारी की गाइडलाइन
यह भी पढ़ें- बिहार के इस जिले में छात्र अब स्कूल-कॉलेज में नहीं बना सकेंगे रील और वीडियो, लागू हुआ सख्त आदेश