'मैं कभी भी दुर्घटनाग्रस्त हो सकता हूं, जंग खा रहा हूं, मैं अब किसी काम का नहीं, बिजली वाले बाबू- मुझे जल्दी हटा दो'
भागलपुर के सुजागंज बाजार में व्यापारियों ने खराब बिजली व्यवस्था और जर्जर खंभों के खिलाफ अनोखे ढंग से विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने बिजली के खंभों पर व ...और पढ़ें

भागलपुर शहर के व्यावसायिक केंद्र में व्यापारियों ने बिजली व्यवस्था के खिलाफ किया अनोखा विरोध
जागरण संवाददाता, भागलपुर। भागलपुर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र सुजागंज बाजार में खराब बिजली व्यवस्था और जर्जर विद्युत पोलों के खिलाफ गुरुवार को व्यापारियों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। सुजागंज कार्मिक संघ के व्यापारियों ने बाजार में लगे विभिन्न बिजली पोलों पर चेतावनी और व्यंग्यात्मक पोस्टर चिपकाकर बिजली विभाग का ध्यान समस्याओं की ओर आकर्षित किया।
पोस्टरों में संदेश: “मैं अब किसी काम का नहीं”
प्रदर्शन के दौरान लगाए गए पोस्टरों पर संदेश लिखा गया, जैसे – “मैं कभी भी दुर्घटनाग्रस्त हो सकता हूं”, “मैं तो अभी से जंग खा रहा हूं”, “मैं अब किसी काम का नहीं” और “बिजली विभाग को संदेश: गेट वेल सून”। इन पोस्टरों के जरिए व्यापारियों ने बाजार की जर्जर और खतरनाक बिजली व्यवस्था पर अपनी नाराजगी जाहिर की।
व्यापारियों ने जताई सुरक्षा की चिंता
संघ के अध्यक्ष प्रतीक झुनझुनवाला ने बताया कि सुजागंज बाजार में हजारों दुकानें संचालित हैं और प्रतिदिन करोड़ों रुपये का कारोबार होता है। इसके बावजूद क्षेत्र में वर्षों पुराने बिजली पोल, उलझे तार, ओवरलोडेड लाइनें और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या बनी हुई है। इससे व्यापारियों और आम लोगों के बीच हर समय हादसे, करंट लगने और आग लगने का खतरा बना रहता है।
शिकायतों के बावजूद कोई ठोस सुधार नहीं
कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग की ओर से केवल आश्वासन दिए जाते रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर कोई ठोस सुधार नहीं हुआ। व्यापारियों का कहना है कि पुराने और जर्जर पोलों, ओवरलोडेड तारों और बार-बार ट्रिपिंग से सुरक्षा खतरे लगातार बढ़ रहे हैं।
खबरें और भी
संघ ने उठाई तकनीकी सुधार की मांग
सुजागंज कार्मिक संघ ने मांग की है कि बाजार क्षेत्र की बिजली व्यवस्था का तत्काल तकनीकी निरीक्षण किया जाए और जर्जर पोल तथा तारों को बदला जाए। साथ ही संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
व्यापारी कार्रवाई के लिए तैयार
व्यापारी संघ का कहना है कि सुधार न होने पर वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे ताकि बिजली व्यवस्था में सुधार हो और किसी की जान को खतरा न रहे। उन्होंने यह भी कहा कि बाजार क्षेत्र की सुरक्षा के लिए बिजली विभाग को तत्काल कदम उठाना चाहिए।