विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bhagalpur NH-80 पर चढ़ा ढाई फीट पानी; आवागमन पूरी तरह बंद, अकबरनगर के भवनाथपुर में संकट गहराया, डायवर्ट हुआ रूट

Published: Mon, 07 Sep 2026 03:17 PM (IST)

Bhagalpur NH 80 Flood Traffic Blocked गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण भागलपुर के अकबरनगर स्थित NH-80 पर ढाई फीट ...और पढ़ें

Bhagalpur NH 80 Flood Traffic Blocked हाईवे पर 2.5 फीट की ऊंचाई से बहने लगी बाढ़ की तेज धार: अकबरनगर में NH-80 पर लगा ब्रेक, बैरिकेडिंग कर तैनात की गई पुलिस; देखें डायवर्जन प्लान

Bhagalpur NH 80 Flood Traffic Blocked हाईवे पर 2.5 फीट की ऊंचाई से बहने लगी बाढ़ की तेज धार: अकबरनगर में NH-80 पर लगा ब्रेक, बैरिकेडिंग कर तैनात की गई पुलिस; देखें डायवर्जन प्लान

HighLights

  1. NH-80 पर ढाई फीट पानी, यातायात पूरी तरह बंद।

  2. प्रशासन ने जानमाल की सुरक्षा हेतु आवागमन रोका।

  3. वाहनों के लिए वैकल्पिक फोरलेन मार्ग निर्धारित किया गया।

संवाद सूत्र, अकबरनगर (भागलपुर)। Bhagalpur NH 80 Flood Traffic Blocked गंगा के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की भयावहता के बीच भागलपुर जिले की प्रमुख लाइफलाइन माने जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-80) पर यातायात व्यवस्था ठप हो गई है। अकबरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत भवनाथपुर के समीप एनएच-80 की मुख्य सड़क पर बाढ़ का पानी करीब 2.5 फीट की ऊंचाई तक अत्यंत तेज धारा के साथ बहने लगा है।

जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि और सड़क के नीचे की जमीन कमजोर होने की आशंका को देखते हुए अनुमंडल प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से कड़ा फैसला लिया है। अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) के सख्त निर्देश पर भवनाथपुर के पास प्रभावित एनएच-80 के हिस्से में सभी प्रकार के भारी, हल्के वाहनों और पैदल राहगीरों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।

  • अकबरनगर के भवनाथपुर के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-80) पर करीब ढाई फीट तेज बहाव के साथ चढ़ा बाढ़ का पानी

  • एसडीओ के निर्देश पर सभी प्रकार के वाहनों व आम राहगीरों के आवागमन पर तत्काल प्रभाव से लगाई गई पूर्ण रोक

  • संभावित हादसों को रोकने के लिए सड़क पर कराई गई बैरिकेडिंग, प्रतिबंधित हिस्से पर चौबीसों घंटे तैनात रहेगा पुलिस बल

  • वैकल्पिक मार्ग तय: सुल्तानगंज-भागलपुर के बीच चलने वाले वाहनों को मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन और दोगच्छी बायपास से किया गया डायवर्ट

प्रशासनिक आदेश के अनुसार, सड़क पर पानी के तेज बहाव के कारण किसी भी समय गाड़ियां बहने अथवा बड़े हादसे की गंभीर आशंका बनी हुई थी। जान-माल की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने प्रभावित स्थल के दोनों छोर पर पक्की बैरिकेडिंग लगाने और पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी व पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की है।

पुलिस की कड़ी निगरानी, जोखिम लेने पर रोक

प्रतिनियुक्त पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि वे किसी भी परिस्थिति में किसी वाहन चालक अथवा आम व्यक्ति को जान जोखिम में डालकर पानी से गुजरने की अनुमति न दें।

इसके साथ ही स्थानीय राजस्व कर्मचारियों और पुलिस गश्ती दल को निर्देश दिया गया है कि वे सड़क की सतह, कटाव और जलस्तर की पल-पल की स्थिति पर 24 घंटे नजर रखें और किसी भी बदलाव की सीधी रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को प्रेषित करें। जब तक सड़क से पानी का तेज बहाव पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता और तकनीकी रूप से सड़क सुरक्षित नहीं घोषित कर दी जाती, तब तक यह प्रतिबंध यथावत जारी रहेगा।

नया रूट डायवर्जन लागू, फोरलेन से गुजरेंगे वाहन

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने वैकल्पिक रूट प्लान जारी किया है। नए डायवर्जन के अनुसार:

  • सुल्तानगंज से भागलपुर जाने वाले वाहन: इन वाहनों को अब सामान्य मार्ग अकबरनगर से न भेजकर एनएच-80 मुंगेर-मिर्जाचौकी नए फोरलेन से होकर गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।

  • भागलपुर से सुल्तानगंज आने वाले वाहन: भागलपुर शहर की ओर से सुल्तानगंज जाने वाले सभी वाहनों को दोगच्छी बायपास के रास्ते एनएच-80 मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर डायवर्ट किया जाएगा।

प्रशासन ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे बाढ़ के तेज बहाव में किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं और प्रशासन द्वारा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों व सुरक्षा निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन करें।