कांवड़िया शिविर में भागलपुर MP अजय मंडल ने थामा माइक; 'मोर भंगिया के मनाई दे...' गाया, यूजर बोले- छुपे रुस्तम सांसद
पवित्र सावन माह में भागलपुर के जदयू सांसद अजय कुमार मंडल एक कांवड़िया सेवा शिविर में भजन गाते हुए नजर आए। उनका यह भक्तिमय अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से ...और पढ़ें
HighLights
सांसद अजय मंडल ने कांवड़िया शिविर में भजन गाया।
उनका भक्तिमय अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल।
यूजर्स ने सांसद के सादगी भरे अंदाज की सराहना की।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। पवित्र सावन माह और विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेले के पावन अवसर पर पूरा सिल्क सिटी भागलपुर और आसपास का इलाका शिव भक्ति के रंग में डूबा हुआ है। प्रतिदिन हजारों कांवड़िया अजगैवीनाथ धाम (सुल्तानगंज) और भागलपुर के विभिन्न गंगा घाटों से पवित्र गंगाजल लेकर देवघर व बासुकीनाथ धाम के लिए पैदल व अन्य साधनों से रवाना हो रहे हैं।
कांवड़ियों की सेवा और विश्राम के लिए मार्ग में जगह-जगह सैकड़ों सेवा शिविर लगाए गए हैं, जहां भजन-कीर्तन के भक्तिमय कार्यक्रम चल रहे हैं। इसी क्रम में एक कांवड़िया सेवा शिविर में उस समय बेहद दिलचस्प नजारा देखने को मिला, जब भागलपुर के जदयू सांसद अजय कुमार मंडल अचानक एक अलग ही मूड में नजर आए।
महिला कलाकार गा रही थी भजन
जदयू के लगातार दूसरी बार सांसद चुने गए अजय कुमार मंडल जैसे ही कांवड़िया सेवा शिविर पहुंचे, आयोजकों ने उनका अंगवस्त्र व माला पहनाकर भव्य स्वागत और अभिनंदन किया। उस समय मंच पर एक महिला कलाकार सुप्रसिद्ध लोकभजन "मोर भंगिया के मनाई दे ओ भेरो नाथ, मोर जोगिया के मनाई दे... बात मोरी बिगड़ी बनाई दे" गा रही थीं।
सांसद से रहा न गया और थाम लिया माइक
शिव भक्ति के इस माहौल और संगीत की धुन को देखकर सांसद अजय मंडल से रहा नहीं गया। उन्होंने तुरंत दूसरा माइक हाथ में थाम लिया और पूरे लय-ताल के साथ जोरदार आवाज में भजन गाने लगे। महिला कलाकार ने भी उनका बखूबी साथ दिया। इस दौरान सांसद का आंगिक संप्रेषण (बॉडी लैंग्वेज और हाव-भाव) इतना जबरदस्त और ऊर्जावान था कि वहां मौजूद श्रद्धालु झूमने पर मजबूर हो गए।
खबरें और भी

यूजर्स कर रहे मजेदार कमेंट्स
शिविर में मौजूद लोगों और कांवड़ियों व सांसद के कार्यकर्ताओं ने अजय मंडल के इस भक्तिमय और गायक वाले अंदाज का अपने मोबाइल में वीडियो बना लिया। अब यह वीडियो इंटरनेट मीडिया (सोशल मीडिया) पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग सांसद के इस सादगी भरे व मस्तमौला अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
'जय भोलेनाथ' से लेकर 'छुपे रुस्तम' तक
वायरल वीडियो पर लोग तरह-तरह की मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कमेंट बॉक्स में कोई 'जय भोलेनाथ' और 'बम बासुकी' के जयकारे लगा रहा है, तो किसी ने ताली बजाने वाले इमोजी के साथ उन्हें 'मस्तमौला सांसद' बताया। एक यूजर ने कहा- जय हो अजय बाबू
एक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, "हमारे सांसद तो वाकई छुपे रुस्तम निकले!" वहीं दूसरे यूजर ने लिखा, "सांसद जी, आपने तो अपनी ही पार्टी के विधायक गोपाल मंडल को भी फेल कर दिया।" सांसद के इस अलग और सरल रूप को लोग खूब पसंद कर रहे हैं।