भागलपुर मौसम: 15-16 अगस्त को झमाझम बारिश के आसार; बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव से फिर सक्रिय होगा मानसून
भागलपुर में 15-16 अगस्त को झमाझम बारिश की संभावना है, क्योंकि बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव के क्षेत्र से मानसून फिर से सक्रिय होगा। इससे भीषण ...और पढ़ें

12 अगस्त को बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया सिस्टम, 14 अगस्त से भागलपुर और आसपास बढ़ेगी बारिश की गतिविधि
HighLights
बंगाल की खाड़ी में नया निम्न दबाव क्षेत्र बनेगा।
15-16 अगस्त को भागलपुर में झमाझम बारिश की संभावना।
गर्मी और उमस से लोगों को मिलेगी बड़ी राहत।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। सिल्क सिटी भागलपुर और इसके आसपास के क्षेत्रों में भीषण गर्मी और उमस झेल रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मंगलवार को भले ही मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा और आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे, लेकिन आने वाले स्वतंत्रता दिवस के आसपास मानसून के एक बार फिर से पूरी तरह सक्रिय होने के मजबूत आसार बन रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 14 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी, जबकि 15 और 16 अगस्त को जिले में अच्छी और झमाझम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया सिस्टम
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के भागलपुर केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अनुपम नाहर ने बताया कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी एवं आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण पूरी तरह सक्रिय है। इसके प्रभाव से 12 अगस्त के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र (Low-Pressure Area) बनने की प्रबल संभावना है।
बिहार की ओर बढ़ेगी नमी
इस नए सिस्टम के बनने और अनुकूल दिशा में आगे बढ़ने से बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाएं बिहार की ओर तेजी से रुख करेंगी, जिससे वर्षा के लिए परिस्थितियां बेहद अनुकूल हो जाएंगी।
मानसून ट्रफ के खिसकने से बदलेगा मिजाज
वैज्ञानिक अनुपम नाहर के अनुसार मानसून ट्रफ के उत्तर की ओर खिसकने और निचले स्तर पर पूर्वी हवाओं के मजबूत होने से 14 अगस्त के बाद वर्षा का दायरा बढ़ेगा।
तापमान में गिरावट संभव
इधर, सोमवार को भागलपुर का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह साढ़े आठ बजे हवा में नमी (सापेक्षिक आर्द्रता) 77 प्रतिशत और शाम को 74 प्रतिशत रही। दिन भर पूर्वी दिशा से औसतन 4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हल्की हवाएं चलती रहीं और शाम तक नाममात्र (ट्रेस) बारिश दर्ज की गई।