विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar Weather Update : भागलपुर में मानसून मेहरबान, हफ्तेभर में 178.8 मिमी बारिश से 5 डिग्री लुढ़का पारा

Published: Thu, 03 Sep 2026 12:22 PM (IST)

Bihar Weather Update: भागलपुर में मानसून मेहरबान है, जहाँ एक सप्ताह में 178.8 मिमी बारिश हुई और दिन का तापमान ...और पढ़ें

Bihar Weather Update: हफ्तेभर की बारिश से मौसम सुहाना, पर सुल्तानगंज में खुली नगर परिषद की पोल: 5 डिग्री गिरा पारा; गंगापुर-शाहाबाद में सड़कों पर बहा नाले का पानी

Bihar Weather Update: हफ्तेभर की बारिश से मौसम सुहाना, पर सुल्तानगंज में खुली नगर परिषद की पोल: 5 डिग्री गिरा पारा; गंगापुर-शाहाबाद में सड़कों पर बहा नाले का पानी

HighLights

  1. भागलपुर में एक हफ्ते में 178.8 मिमी बारिश दर्ज।

  2. दिन के अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट।

  3. सुल्तानगंज में भारी बारिश से जलजमाव, जनजीवन अस्त-व्यस्त।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bihar Weather Update: भागलपुर जिले में इन दिनों मानसून पूरी तरह मेहरबान है। पिछले एक सप्ताह से रोजाना हो रही रुक-रुककर व तेज बारिश ने मौसम को सुहाना और खुशनुमा बना दिया है। हालांकि रात के न्यूनतम तापमान में कोई खास फेरबदल दर्ज नहीं हुआ है, लेकिन दिन के अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे पांच डिग्री सेल्सियस तक की उल्लेखनीय गिरावट आई है। बीते एक हफ्ते के दौरान जिले में कुल 178.8 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), भागलपुर के मौसम वैज्ञानिक अनुपम नाहर ने बताया कि मानसूनी हवाओं की सक्रियता के कारण फिलहाल भागलपुर और आसपास के इलाकों में ऐसा ही मौसम बने रहने की प्रबल संभावना है।

तापमान और बारिश का एक हफ्ते का ब्योरा (आंकड़े डिग्री सेल्सियस व मिमी में):

तारीख अधिकतम तापमान (°C) न्यूनतम तापमान (°C) बारिश (मिमी)
26 अगस्त 33.6 27.5 02.1
27 अगस्त 33.8 25.0 82.5
28 अगस्त 35.0 27.8 00.0
29 अगस्त 35.6 27.9 03.8
30 अगस्त 34.6 26.4 28.1
31 अगस्त 32.2 26.8 06.8
01 सितंबर 31.2 26.6 20.9
02 सितंबर 29.6 25.7 34.6

अजगैवीनाथ धाम में झमाझम बारिश से नारकीय स्थिति

एक तरफ जहां लगातार हो रही फुहारों से भागलपुर शहर में मौसम सुहावना बना हुआ है, वहीं अजगैवीनाथ धाम (सुल्तानगंज) प्रखंड क्षेत्र में पिछले दो दिनों की झमाझम बारिश ने आम जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। सोमवार की रात से जारी मूसलाधार बारिश के कारण शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक भीषण जलजमाव की विकट समस्या पैदा हो गई है। नालियों के जाम रहने से गंदा पानी सड़कों पर उफन आया है, जिससे पैदल चलना भी दूभर हो गया है।

  • भागलपुर में पिछले एक सप्ताह से लगातार बारिश का दौर जारी, कुल 178.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज

  • अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट, मौसम वैज्ञानिक बोले- फिलहाल जारी रहेगा बारिश का सिलसिला

  • अजगैवीनाथ धाम (सुल्तानगंज) में झमाझम बारिश से जनजीवन बेहाल; गंगापुर, शाहाबाद, दुधैला और सीतारामपुर में घरों में घुसा गंदा पानी

  • नालों की मुकम्मल सफाई न होने से सड़कों पर कचरे का अंबार, नगर परिषद के दावों की खुली पोल; बाजारों में पसरा सन्नाटा

  • घरों में घुसा पानी

    बारिश का पानी नगर परिषद क्षेत्र के गंगापुर, शाहाबाद, दुधैला और सीतारामपुर सहित कई रिहायशी बस्तियों में लोगों के घरों और आंगनों में घुस गया है। सड़कों पर जलजमाव और तेज बारिश के डर से लोग केवल अनिवार्य कार्यों से ही घरों से बाहर निकल रहे हैं, जिससे मुख्य बाजारों में पूरे दिन सन्नाटा पसरा रहा। पानी के साथ सड़कों पर बजबजाते कचरे के ढेर लग जाने से आने-जाने वाले राहगीरों को भारी फजीहत झेलनी पड़ रही है।

    नगर परिषद के दावों की खुली पोल

    इस मानसूनी बारिश ने सुल्तानगंज नगर परिषद की पूर्व तैयारियों और सफाई दावों की हवा निकाल दी है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हर साल सावन मेला शुरू होने से पूर्व नगर परिषद नालों की मुकम्मल उड़ाही और जलभराव न होने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन पहली ही तेज बारिश में दावों की कलई खुल जाती है।

    जलनिकासी का नहीं हुआ पुख्ता इंतजाम

    ग्रामीणों व शहरवासियों का आरोप है कि यदि बड़े नालों की तली से नियमित सफाई कराई गई होती, तो यह दुर्गति नहीं होती। जलनिकासी की उचित व्यवस्था न होने से गांवों को जोड़ने वाली तमाम मुख्य सड़कें जलमग्न हैं और स्थानीय प्रशासन इस गंभीर समस्या का कोई स्थायी निदान तलाशने में नाकाम साबित हो रहा है।