भागलपुर में केला की खेती को बढ़ावा: 250 हेक्टेयर का लक्ष्य, प्रति हेक्टेयर ₹70 हजार की मिलेगी सब्सिडी
भागलपुर में कृषि विभाग ने एकीकृत बागवानी मिशन के तहत टिश्यूकल्चर केला की खेती को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखा है। किसानों को प्रति हेक्टेयर ₹1.75 लाख की ...और पढ़ें

AI Generated Image
HighLights
भागलपुर में टिश्यूकल्चर केला खेती का दायरा बढ़ेगा।
किसानों को प्रति हेक्टेयर ₹70 हजार की सब्सिडी मिलेगी।
बिहार कृषि ऐप से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं किसान।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। जिले में आधुनिक तकनीक आधारित केला उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए कृषि विभाग ने एकीकृत बागवानी मिशन योजना के तहत टिश्यूकल्चर केला की खेती का दायरा बढ़ाने की पहल की है।
जिला उद्यान कार्यालय ने वर्ष 2026-27 के लिए 250 हेक्टेयर में टिश्यूकल्चर केला की खेती का लक्ष्य निर्धारित किया है। योजना का उद्देश्य किसानों की उत्पादकता बढ़ाने के साथ उनकी आय में वृद्धि करना है।
योजना के तहत टिश्यूकल्चर केला की खेती के लिए प्रति हेक्टेयर 1.75 लाख रुपये की इकाई लागत निर्धारित की गई है। इस पर किसानों को 40 प्रतिशत यानी अधिकतम 70 हजार रुपये का अनुदान मिलेगा। अनुदान राशि दो चरणों में दी जाएगी।
पहले वर्ष में 42 हजार रुपये और दूसरे वर्ष में पौधों की 75 प्रतिशत उत्तरजीविता सुनिश्चित होने पर शेष 28 हजार रुपये का भुगतान किया जाएगा। जिला उद्यान कार्यालय के अनुसार इस योजना का लाभ रैयत और गैर-रैयत दोनों प्रकार के किसान उठा सकते हैं।
इच्छुक किसान 0.10 हेक्टेयर से लेकर दो हेक्टेयर तक के क्षेत्र के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन केवल बिहार कृषि ऐप के माध्यम से आनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। लाभार्थियों का चयन प्रथम आओ, प्रथम पाओ के आधार पर किया जाएगा।
आवेदन स्वीकृत होने के बाद उद्यान निदेशालय की अधिकृत एजेंसी किसानों को प्रति हेक्टेयर 3,086 टिश्यूकल्चर केला के पौधे उपलब्ध कराएगी। इससे गुणवत्तापूर्ण पौधों के माध्यम से वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा मिलेगा और उत्पादन में वृद्धि होने की उम्मीद है।
खबरें और भी
जिला उद्यान पदाधिकारी मधुप्रिया ने जिले के किसानों से समय रहते बिहार कृषि ऐप के माध्यम से आनलाइन आवेदन करने की अपील की है, ताकि अधिक से अधिक किसान योजना का लाभ उठाकर आधुनिक तकनीक से केला की खेती कर अपनी आय में बढ़ोतरी कर सके।