भागलपुर में ढाई साल से वेतन के इंतजार में 80 मजदूर, सड़क चौड़ीकरण कार्य में लगे कामगारों ने काम किया ठप
अकबरनगर के लगभग 80 सड़क निर्माण मजदूर ढाई साल से 15 लाख रुपये के बकाया मेहनताने का इंतजार कर रहे ...और पढ़ें
-1772155139396_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, अकबरनगर। सड़क चौड़ीकरण कार्य में लगे अकबरनगर के लगभग 80 मजदूर पिछले ढाई वर्षों से अपने मेहनताने के भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। मजदूरों का आरोप है कि विभिन्न निर्माण कंपनियों ने उनसे अकबरनगर और पंजाब में एनएच निर्माण का कार्य कराया, लेकिन करीब 15 लाख रुपये का भुगतान अब तक बकाया है। आर्थिक तंगी और पर्व-त्योहारों के नजदीक आने के कारण मजदूरों के समक्ष भरण-पोषण का संकट गहरा गया है।
मजदूरों के अनुसार, उन्हें पंजाब में लगभग दो माह तक जे.के.जी. नामक सड़क निर्माण कंपनी के ठेकेदार विशाल के अधीन कार्य कराया गया, जहां लगभग 12.77 लाख रुपये बकाया हैं। वहीं, अकबरनगर में सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान करीब 2.30 लाख रुपये का भुगतान शेष है। मजदूरों का कहना है कि पूर्व में काम बंद करने की चेतावनी देने पर आंशिक भुगतान कर दिया जाता था, लेकिन इस बार केवल आश्वासन ही मिल रहा है।
बकाया भुगतान को लेकर भवनाथपुर स्थित निर्माण प्लांट पर पिछले दो दिनों से मजदूरों ने कार्य ठप कर दिया है। गुरुवार को लगभग 50 मजदूर अकबरनगर थाना पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। मजदूरों में प्रिंस कुमार, सुबोध कुमार, अभिषेक कुमार, भास्कर कुमार एवं विक्की कुमार ने बताया कि वेतन नहीं मिलने से उनके परिवारों के सामने भोजन का संकट उत्पन्न हो गया है। उनका आरोप है कि काम बंद करने पर स्थानीय पुलिस द्वारा दबाव भी बनाया जा रहा है।
इधर, घोरघट से दोगच्छी तक सड़क चौड़ीकरण कार्य करा रही एमजीसीपीएल कंपनी के डीपीएम मानव कुमार ने बताया कि मजदूर विभिन्न कंपनियों के साथ अलग-अलग स्थानों पर कार्यरत रहे हैं। कुछ भुगतान हो चुका है और समन्वय स्थापित कर मामले को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल चार लाख रुपये का भुगतान किया गया है, शेष राशि के लिए वरीय अधिकारियों से वार्ता जारी है। थाना प्रभारी राहुल कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है, हालांकि अब तक मजदूरों द्वारा कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने पर नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।
मजदूरों से मिले आरएलजेपी के जिलाध्यक्ष, सुनी समस्याएं: सड़क चौड़ीकरण कार्य में लगे 80 मजदूरों का करीब 15 लाख रुपये बकाया होने पर आक्रोश बढ़ गया है। भुगतान नहीं मिलने से भवनाथपुर प्लांट पर काम ठप है। आरएलजेपी जिलाध्यक्ष शिशुपाल ने मजदूरों से मिलकर एसएसपी, विधायक व स्थानीय पुलिस से बात की। उन्होंने कहा कि मजदूरों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
यदि कंपनी अविलंब भुगतान नहीं करती है तो निर्माण कार्य बंद रहेगा। साथ ही जिलाधिकारी को लिखित शिकायत देने की चेतावनी दी गई है। मजदूरों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर बकाया भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि उनके परिवारों को राहत मिल सके।
