Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पछुआ हवा ने बढ़ाई कनकनी, दिनभर सूर्यदेव के नहीं हुए दर्शन

    Updated: Sat, 20 Dec 2025 03:37 PM (IST)

    बेगूसराय के मंसूरचक प्रखंड में पछुआ हवा और सूर्य के दर्शन न होने से ठंड बढ़ गई है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त है। घने कोहरे के कारण सड़कों पर सन्नाटा है ...और पढ़ें

    आग तापते लोग

    आग तापते लोग

    HighLights

    1. पछुआ हवा से बेगूसराय में बढ़ी कनकनी

    2. धूप नहीं निकलने से लोग परेशान

    3. गरीबों और मजदूरों पर ठंड का असर

    संवादसूत्र, मंसूरचक (बेगूसराय)।प्रखंड क्षेत्र में लगातार चल रही पछुआ हवा और दिनभर सूर्यदेव के दर्शन नहीं होने से कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। घने कोहरे और धुंध के कारण सुबह से ही ठंड का असर तेज बना रहा। दिन चढ़ने के बावजूद धूप नहीं निकल सकी, जिससे लोगों को ठिठुरन और कंपकंपी का सामना करना पड़ा।

    सुबह होते ही सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आया। आमतौर पर सुबह के समय टहलने निकलने वाले लोग भी ठंड के कारण घरों में ही दुबके रहे। आवश्यक कार्यों के अलावा लोग बाहर निकलने से परहेज करते दिखे। बाजारों में भी चहल-पहल कम रही और दुकानदार ठंड से बचने के लिए अलाव के पास बैठे नजर आए। चौक-चौराहों पर लोग ठंड से राहत पाने के लिए स्वयं लकड़ी, कचरा और पुआल जलाकर समय बिताते रहे।

    प्रखंड मुख्यालय से लेकर ग्रामीण इलाकों तक ठंड का सबसे अधिक असर गरीब, असहाय और दिहाड़ी मजदूर वर्ग पर देखा जा रहा है। ठंड बढ़ने के बावजूद प्रशासनिक स्तर पर अलाव की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है। मजबूरी में लोग अपने स्तर से ही अलाव की व्यवस्था कर रहे हैं, जो कई बार असुरक्षित भी साबित हो सकता है।

    ग्रामीण क्षेत्रों में हालात और भी गंभीर हैं। खेतों और निर्माण कार्यों में लगे दिहाड़ी मजदूरों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। ठंड और कोहरे के कारण कई जगह काम बंद या सीमित कर दिए गए हैं, जिससे मजदूरों की आमदनी प्रभावित हो रही है। वहीं बुजुर्गों और बच्चों पर ठंड का असर अधिक देखा जा रहा है। सर्द हवा और धूप की कमी के चलते लोग दिनभर घरों के भीतर ही रहने को मजबूर हैं।

    खबरें और भी

    स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मौसम की यही स्थिति बनी रही तो ठंड से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। खासकर सर्दी, खांसी, बुखार और सांस संबंधी समस्याओं से लोग परेशान हो सकते हैं। लोगों ने प्रशासन से सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था कराने और जरूरतमंदों को ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।

    मौसम के जानकारों के अनुसार पछुआ हवा के चलते ठंड में और बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी जा रही है। फिलहाल कड़ाके की ठंड ने पूरे क्षेत्र में जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर रखा है।