Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    शादी से पहले ही छा गया मातम; बारात में जा रहे युवक की ट्रक से कुचलकर मौत, बेगूसराय की घटना

    Updated: Wed, 29 Apr 2026 01:01 PM (IST)

    बेगूसराय में एक दर्दनाक सड़क हादसे में शादी में शामिल होने जा रहे दूल्हे के चचेरे भाई की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। ...और पढ़ें

    सड़क हादसे में युवक की मौत। प्रतीकात्‍मक फोटो

    सड़क हादसे में युवक की मौत। प्रतीकात्‍मक फोटो

    HighLights

    1. बेगूसराय में बारात जा रहे युवक की ट्रक से मौत

    2. दूल्हे के चचेरे भाई अजय कुमार मंडल ने गंवाई जान

    3. गलत दिशा से आए ट्रक ने बाइक को टक्कर मारी

    संवाद सूत्र, साहेबपुर कमाल (बेगूसराय)। खगड़िया से मुंगेर बारात में शामिल होने जा रहे दो युवकों की बाइक को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी।

    इस दर्दनाक हादसे में दूल्हे के चचेरे भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा एनएच-333बी पर साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के हीरा टोल जीरोमाइल से मुंगेर पुल के बीच देर रात हुआ।

    गलत दिशा से आए ट्रक ने मारी टक्कर

    जानकारी के अनुसार, खगड़िया जिले के रहीमपुर निवासी विनय कुमार की शादी मुंगेर जिले के नौवागढ़ में थी। परिवार के अधिकांश लोग चारपहिया वाहन से बारात में गए थे।

    जबकि 23 वर्षीय अजय कुमार मंडल अपने साथी संजीत कुमार मंडल के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान गलत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

    टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही साहेबपुर कमाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

    जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद अजय कुमार मंडल को मृत घोषित कर दिया।

    घायल युवक का चल रहा इलाज

    वहीं संजीत कुमार मंडल का प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। फिलहाल उनका इलाज जारी है। 

    हादसे के बाद शादी वाले घर में खुशियों का माहौल अचानक मातम में बदल गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।