बेगूसराय में शादी की शहनाई से पहले उठी बेटे की अर्थी, सड़क हादसे ने उजाड़ दी खुशियां
गढ़पुरा के कनौसी गांव में शादी से ठीक पहले एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में मातम छा गया। 22 वर्षीय अजय कुमार की 12 जुलाई को शा ...और पढ़ें

बेगूसराय में शादी की शहनाई से पहले उठी बेटे की अर्थी, सड़क हादसे ने उजाड़ दी खुशियां
HighLights
शादी से ठीक पहले सड़क हादसे में दूल्हे की मौत।
बेगूसराय के गढ़पुरा में हुआ यह दर्दनाक सड़क हादसा।
परिवार की खुशियां मातम में बदली, गांव में शोक।
संंवाद सूत्र, गढ़पुरा (बेगूसराय)। गढ़पुरा थाना क्षेत्र के कनौसी गांव में एक सप्ताह बाद जिस घर में शादी की शहनाई गूंजने वाली थी, वहां शुक्रवार को दूल्हा बनने जा रहे युवक की अर्थी उठने से पूरा गांव और मोहल्ला गमगीन हो गया। 12 जुलाई को अशर्फी दास के छोटे पुत्र 22 वर्षीय अजय कुमार की शादी तय थी, लेकिन सड़क हादसे ने परिवार की सारी खुशियां पलभर में छीन लीं।
जानकारी के अनुसार, अजय कुमार गुरुवार की शाम अपने पड़ोसी राजा दास की बेटी की शादी का सामान लाने दो अन्य लोगों के साथ बाइक से गढ़पुरा बाजार गया था। लौटने के दौरान गढ़पुरा-बेगूसराय मुख्य पथ पर सरहचिया पुल स्थित आरा मिल के समीप अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार ठोकर मार दी।
हादसे में अजय कुमार, कनौसी वार्ड चार निवासी 17 वर्षीय नीतीश कुमार तथा हसनपुर थाना क्षेत्र के लिंगा निवासी 28 वर्षीय सत्तन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
गढ़पुरा थाना की पुलिस ने तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति देखते हुए बेगूसराय रेफर कर दिया। इलाज के दौरान अजय कुमार ने दम तोड़ दिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचा, परिवार में कोहराम मच गया।
अजय दो भाइयों में सबसे छोटा था। महज दो वर्ष की उम्र में उसकी मां का निधन हो गया था। पिता अशर्फी दास ने कठिन परिस्थितियों में उसका पालन-पोषण किया और बड़े अरमानों से शादी की तैयारी कर रहे थे। अब उसी घर में मातम पसरा है। बेटे की असमय मौत से पिता का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।