255 करोड़ का 4.2 किमी लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर अंतिम चरण में; बेगूसराय को जल्द मिलेगी जाम से राहत
बेगूसराय में NH-31 पर बन रहा 4.2 किमी लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर अब अंतिम चरण में है, जिससे शहर को जल्द ही ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। 255 करोड़ की लागत वा ...और पढ़ें

शहर में बन रहा फोरलेन एलिवेटेड कॉरिडोर। जागरण
HighLights
बेगूसराय एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण अंतिम चरण में।
मई 2026 तक परियोजना पूरी होने की उम्मीद।
शहर को ट्रैफिक जाम से मिलेगी बड़ी राहत।
जागरण संवाददाता, बेगूसराय। शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। एनएच-31 के बेगूसराय टाउन सेक्शन में बन रहा फोरलेन एलिवेटेड कॉरिडोर और एट-ग्रेड सुधार कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गया है।
तेज गति से चल रहे फिनिशिंग कार्य के बीच उम्मीद जताई जा रही है कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना मई 2026 तक पूरी कर ली जाएगी।
4.225 किलोमीटर लंबा होगा एलिवेटेड कॉरिडोर
करीब 4.225 किलोमीटर लंबी इस परियोजना पर 255.99 करोड़ रुपये की लागत आ रही है। इसका निर्माण कार्य जनवरी 2022 में शुरू हुआ था।
इसे 23 दिसंबर 2024 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, हालांकि अब संशोधित समयसीमा के अनुसार इसे मई 2026 तक पूरा करने की योजना है।
एनएचएआई के परियोजना निदेशक अभिषेक ने बताया कि इस कॉरिडोर का निर्माण शहर में लंबे समय से बनी ट्रैफिक जाम की समस्या को दूर करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
23 दिसंबर 2024 तक पूरा होना था
बेगूसराय औद्योगिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जिला है, जहां बरौनी रिफाइनरी, उर्वरक संयंत्र, विद्युत स्टेशन सहित कई सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग संचालित हैं। इसके कारण यहां रोजाना भारी वाहनों का दबाव बना रहता है।
उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद शहर में आवागमन काफी सुगम हो जाएगा। लोगों के यात्रा समय में कमी आएगी और माल परिवहन भी अधिक तेज एवं व्यवस्थित हो सकेगा।
यह एलिवेटेड कॉरिडोर औंटा-सिमरिया परियोजना के तहत बने गंगा नदी पुल से सीधा और निर्बाध संपर्क भी प्रदान करेगा, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
परियोजना निदेशक ने बताया कि वर्तमान में फिनिशिंग कार्य तेजी से किया जा रहा है। इस कॉरिडोर के शुरू होने से न सिर्फ जाम से राहत मिलेगी, बल्कि बेगूसराय और आसपास के क्षेत्रों के आर्थिक विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।