विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बांका के मंदार पर्वत पर युवती से बदसलूकी में रातभर छापेमारी! अब्दुल्ला, नीतीश और विकास ने ऑनलाइन वसूले थे ₹1500

Published: Fri, 25 Sep 2026 10:26 AM (GMT+05:30)

Banka Mandar Hill Girl Harassment: मंदार पर्वत पर युवती से छेड़खानी और ऑनलाइन पैसे ऐंठने के वायरल वीडियो मामले में ...और पढ़ें

HighLights

  1. मंदार पर्वत पर युवती से छेड़खानी का वायरल वीडियो मामला।

  2. पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों की पहचान की, छापेमारी जारी।

  3. अब्दुल्ला, नीतीश, विकास ने ऑनलाइन वसूले थे ₹1500।

संवाद सहयोगी, बौंसी (बांका)। Banka Mandar Hill Girl Harassment : ऐतिहासिक और धार्मिक पर्यटन स्थल मंदार पर्वत पर घूमने आई एक युवती के साथ छेड़खानी, गाली-गलौज और ऑनलाइन रुपये ऐंठने के बहुचर्चित वायरल वीडियो मामले में बांका पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है।

पुलिस ने वायरल वीडियो की गहन तकनीकी जांच और घटनास्थल के भौतिक सत्यापन के बाद घटना में शामिल तीन मुख्य आरोपितों की पहचान कर ली है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम (SIT) का गठन किया गया है, जिसने संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, यह शर्मनाक वीडियो बीते 22 सितंबर को व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए पुलिस के संज्ञान में आया था। पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ कि वीडियो लगभग तीन महीने पुराना यानी 3 जून 2026 का है। वीडियो सामने आते ही बौंसी थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस बल ने मंदार पर्वत पहुंचकर घटनास्थल का सत्यापन किया और फुटेज में दिख रहे चेहरों की पहचान कराई। जांच के आधार पर पुलिस ने 6 से 7 असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई आगे बढ़ाई।

हाथ पकड़ा, धमकाया और खाते में ट्रांसफर कराए 1500 रुपये

अनुसंधान में सामने आया है कि 3 जून को पीड़िता अपने दो दोस्तों के साथ मंदार पर्वत पर सैर-सपाटे के लिए आई थी। इसी दौरान सुनसान इलाके में घात लगाकर बैठे मनचलों ने उन्हें घेर लिया। वीडियो में स्पष्ट रूप से दिख रहे आरोपितों—अब्दुल्ला, नीतीश कुमार राय और विकास कुमार ने जबरन युवती का हाथ पकड़ लिया और उसके साथ घिनौनी व अभद्र हरकतें कीं।

जब पीड़िता और उसके साथियों ने विरोध किया, तो आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इसके बाद मुख्य आरोपित अब्दुल्ला ने युवती के दोस्त को डरा-धमकाकर अपने बैंक खाते में ऑनलाइन 1500 रुपये जबरन ट्रांसफर करवा लिए। खाते में पैसे आने की पुष्टि करने के बाद ही आरोपितों ने पीड़िता और उसके दोस्तों को वहां से सुरक्षित जाने दिया।

रातभर दबिश, जल्द भेजे जाएंगे जेल: एसडीपीओ

वीडियो फुटेज और ऑनलाइन बैंकिंग ट्रांजैक्शन की कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस तीनों नामजद आरोपितों तक पहुंच चुकी है। बौंसी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) इंद्रजीत बैठा ने बताया कि तीनों आरोपितों की शिनाख्त पुख्ता कर ली गई है।

एसडीपीओ ने कहा कि आरोपितों की धरपकड़ के लिए गठित विशेष पुलिस टीम ने गुरुवार की पूरी रात उनके संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी की है। पुलिस उनके करीब पहुंच चुकी है और बहुत जल्द तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। उन्होंने दोहराया कि मंदार पर्वत की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है ताकि पर्यटकों, खासकर महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा से कोई खिलवाड़ न कर सके।

एसपी अमितेश कुमार ने बौंसी थाने में की समीक्षा

मंदार पर्वत पर युवती से बदसलूकी और जबरन ऑनलाइन वसूली के मामले को गंभीरता से लेते हुए बांका के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमितेश कुमार ने शुक्रवार की सुबह खुद बौंसी थाना पहुंचकर पूरे प्रकरण की गहन समीक्षा की। एसपी ने घटनास्थल के निरीक्षण और अब तक हुई कार्रवाई को लेकर बौंसी थाना प्रभारी पंकज झा से बिंदुवार जानकारी ली।

बाराहाट के रहने वाले हैं तीन बदमाश

पड़ताल के दौरान सामने आया है कि वीडियो में चिन्हित किए गए असामाजिक तत्वों में से तीन बदमाश पड़ोसी बाराहाट थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। भौगोलिक रूप से मंदार पर्वत क्षेत्र बाराहाट से काफी सटा हुआ है, जिसका फायदा उठाकर बदमाश घटना को अंजाम देकर आसानी से निकल गए थे। बौंसी थाने में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस टीमें बाराहाट और आसपास के ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं, ताकि सभी आरोपितों को अविलंब सलाखों के पीछे भेजा जा सके।

यह भी पढ़ें- जमुई के बाद बांका के मंदार में युवती से बदसलूकी! वीडियो वायरल होने पर 7 पर केस, 1 महीने पुरानी बताई जा रही घटना

तीनों आरोपितों की पहचान हो चुकी है। गुरुवार की रातभर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई है। गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई है। जल्द ही तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।

-

इंद्रजीत बैठा ,एसडीपीओ, बौंसी