विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शिक्षक के पास निकला जाली नोटों का बड़ा जखीरा! औरंगाबाद में 2.48 लाख के नकली नोट के साथ दो गिरफ्तार

Updated: Sat, 15 Aug 2026 06:06 PM (IST)

औरंगाबाद के मदनपुर में पुलिस ने नकली नोटों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से कुल 2.48 लाख रुपये के जाली नोट बरामद हुए हैं, जिसमें एक शिक्षक भी शामिल है।

HighLights

  1. औरंगाबाद में पुलिस ने 2.48 लाख के नकली नोट पकड़े।

  2. मदनपुर में दो आरोपित गिरफ्तार, एक शिक्षक भी शामिल।

  3. पुलिस अब नकली नोटों के पूरे नेटवर्क की तलाश में।

जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। औरंगाबाद के मदनपुर में पुलिस ने नकली नोटों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से कुल 2.48 लाख रुपये के जाली नोट बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपितों ने पूछताछ के दौरान इस धंधे में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

कार्रवाई शुक्रवार रात पुलिस को मिली सूचना के आधार पर की गई। गिरफ्तार आरोपितों में मदनपुर थाना क्षेत्र के बाबुबांध गांव निवासी सुरेंद्र कुमार भी शामिल है।

सुरेंद्र गयाजी के गुरुआ थाना क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय हबीबपुर में शिक्षक बताया गया है।

शिक्षक के पास मिले 1.48 लाख के जाली नोट

पुलिस के मुताबिक सुरेंद्र कुमार के पास से 500 रुपये के 297 नकली नोट बरामद किए गए। इनकी कुल कीमत 1,48,500 रुपये बताई गई है। पुलिस ने नोटों को जब्त कर लिया है और आरोपित से पूछताछ की गई।

दूसरे आरोपित की पहचान गयाजी के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के सोमिया गांव निवासी विजय यादव के रूप में हुई है।

पुलिस ने विजय यादव के पास से भी 500 रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं। उसके पास से कुल 200 जाली नोट मिले, जिनकी कीमत एक लाख रुपये बताई गई है।

2.48 लाख के नकली नोट, अब पूरे नेटवर्क की तलाश

दोनों आरोपितों के पास से बरामद नोटों की कुल कीमत 2,48,500 रुपये है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ये जाली नोट कहां से लाए गए थे और इन्हें आगे कहां खपाने की तैयारी थी।

पूछताछ में दोनों ने नकली नोट के कारोबार में शामिल होने की बात स्वीकार की है। इसके बाद पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दोनों आरोपित कितने समय से इस गतिविधि में शामिल थे।

पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, दोनों भेजे गए जेल

एसडीपीओ आदित्य कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा से मिली सूचना के बाद कार्रवाई की गई थी।

शुक्रवार रात दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। बरामद जाली नोटों को जब्त कर लिया गया है।

मदनपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार के अनुसार दोनों आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पूछताछ की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।

अब पुलिस की जांच का फोकस नकली नोटों के स्रोत और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने पर है।